शिमला, 08 जनवरी : हिमाचल प्रदेश की सुखविंद्र सुक्खू सरकार में सात विधायकों ने रविवार को मंत्री पद की शपथ ली। शिमला जिला से सबसे अधिक तीन विधायकों को मंत्री बनाया गया है, जबकि 15 विधानसभा सीटों वाले सबसे बड़े जिला कांगड़ा से फिलहाल चंद्र कुमार को ही मंत्री बनाया गया है। सरकार बनने के एक महीने तक चली लंबी माथापच्ची के बाद रविवार को राजभवन में राज्यपाल ने सात विधायकों को मंत्री पद की शपथ दिलाई।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि साफ व स्वच्छ छवि के व्यक्तियों को आगे लाकर मंत्री बनाया गया है। उन्होंने कहा कि चार विधायक पहली बार मंत्री बने हैं सभी युवा व पढ़े- लिखे हैं। सभी युवा चेहरे प्रदेश की सेवा करना चाह रहे हैं। शिमला जिला से तीन मंत्री बनाए जाने पर सीएम ने कहा कि सभी पढ़े लिखे युवा को मेरिट के आधार पर मंत्री पद दिया गया है। सात लोगों को मंत्री पद की शपथ दिलाई गई, जो जिले छूट गए है उन्हें कैबिनेट विस्तार में अधिमान दिया जाएगा।
धनीराम शांडिल ने सबसे पहले मंत्री पद की शपथ ली। दूसरे स्थान पर चंद्र कुमार, तीसरे स्थान पर हर्षवर्धन चौहान, चौथे स्थान पर जगत सिंह नेगी, पांचवें स्थान पर रोहित ठाकुर, छठे स्थान पर अनिरुद्ध सिंह व सातवें स्थान पर विक्रमादित्य सिंह ने मंत्री पद की शपथ ली। मंत्रियों के तीन पद अभी खाली रहेंगे।
शपथ के बाद मंत्रियों ने कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी मिली है उसको बखूबी निभाया जाएगा। कांग्रेस पार्टी दस गारंटी को पूरा करेगी। उन्हें जो भी विभाग मुख्यमंत्री देंगे उस पर खरा उतरेंगे।