शिमला, 07 जनवरी : लम्बे इन्तजार के बाद आखिरकार सुक्खू सरकार ने मंत्रिमंडल के विस्तार को लेकर फैसला लिया है। सुखविंद्र सिंह सुक्खू की सरकार का रविवार को मंत्रिमंडल विस्तार होगा। रविवार सुबह 10:30 बजे करीब आधा दर्जन मंत्रियों को राजभवन शिमला में राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर शपथ दिलाएंगे। शपथ समारोह की तैयारियां शुरू कर दी हैं।
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू शनिवार शाम को दिल्ली के दो दिवसीय दौरे से शिमला लौट आए हैं। मुख्यमंत्री सुक्खू के शिमला पहुंचते ही राजनीतिक हलचलें तेज हो गई हैं। कांग्रेस के सभी विधायक भी धर्मशाला से शिमला पहुंच गए हैं।
हर्षवर्धन चौहान, धनीराम शांडिल, राजेश धर्माणी, चंद्र कुमार, सुंदर ठाकुर, जगत सिंह नेगी, अनिरुद्ध सिंह का मंत्री बनना लगभग तय है। इसके अलावा रोहित ठाकुर, मोहन लाल ब्राक्टा, सुधीर शर्मा, राजेंद्र राणा,विक्रमादित्य सिंह, संजय रत्न, रघुवीर सिंह बाली के नाम भी आगे हैं।
बता दें कि दिल्ली से वापस लौटने के बाद मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मीडिया से बातचीत में कहा था कि हाईकमान को मंत्रियों की लिस्ट सौंप दी गई है। हाईकमान से हरी झंडी मिलने के बाद मंत्रिमंडल का विस्तार किया जाएगा।