शिमला, 02 जनवरी : हिमाचल के पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के ऑपरेशन लॉट्स को लेकर दिए बयान के बाद हिमाचल की सियासत में खलबली मच गई हैं। उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने इस पर पलटवार किया है और कहा कि भाजपा मुंगेरीलाल के सपने देख रही है। प्रदेश में 5 साल कांग्रेस की सरकार ठोक बजाकर चलेगी।
उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि भाजपा को जनता के फैसले को स्वीकार करना चाहिए। लोगों ने कांग्रेस को जनमत दिया हैं। कांग्रेस ने 40 सीटें हासिल की है। बीजेपी को रचनात्मक विपक्ष की भूमिका निभानी चाहिए। पूर्व मुख्यमंत्री हार को पचा नहीं पा रहे हैं। मुकेश ने कहा कि मुख्यमंत्री बार-बार कह रहे हैं कि मंडी हमारी है, लेकिन कांग्रेस दोबारा से 2024 के लोकसभा चुनावों में मंडी जीतेगी और मंडी को उनसे छीनेगी।
दरअसल, हिमाचल प्रदेश के पूर्व सीएम एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मंडी में भाजपा के ऑपरेशन लॉट्स की तरफ इशारा किया था। जयराम ठाकुर ने कहा था कि भाजपा को सत्ता के लिए पांच वर्षों का इंतजार न करना पड़े और उससे पहले ही सत्ता मिल जाए।