नाहन, 01 जनवरी : जन आकांक्षाओं की कसौटी पर खरा उतरने का प्रयास करूंगा। एक कठिन राजनीतिक लड़ाई लड़ने के बाद विधायक बना हूं, कुछ समय दीजिए। यह बात नाहन के नवनिर्वाचित युवा विधायक अजय सोलंकी ने सिरमौर प्रेस क्लब में नववर्ष के आगमन पर पहली पत्रकार वार्ता में कही।
चुनाव जीतने के मूल मंत्र को लेकर पूछे गए सवाल पर सोलंकी ने कहा कि यह एक आत्म सम्मान की लड़ाई थी। वह अकेले नहीं, बल्कि हजारों सोलंकी चुनाव लड़ रहे थे। उन्होंने माना कि चुनाव की लड़ाई बेहद कठिन थी, लेकिन जनता ने उन्हें जनादेश दिया। इसके लिए वह तहे दिल से मतदाताओं का आभार प्रकट करते है। साथ ही 2023 में उनके लिए मंगलमय की कामना करते है।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व पर भरोसा जताते हुए सोलंकी ने कहा कि जब से उन्होंने शपथ ग्रहण की है, तब से वह लगातार कठिन परिश्रम कर रहे हैं। सुबह 6:00 बजे से शाम रात एक बजे तक प्रदेश हित के कार्यों में लगे रहते हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव जीतने के बाद कुछ समय मुख्यमंत्री के साथ रहने का अवसर मिला। इस दौरान पाया कि वह पूरी ऊर्जा से प्रदेश को आगे बढ़ाने के लिए तत्पर हैं।
सोलंकी ने कहा कि उन्हें पहली बार कॉलेज में कैंपस अध्यक्ष भी मौजूदा सीएम ने ही बनाया था। विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्यों को लेकर पूछे गए सवाल पर सोलंकी ने कहा कि उनका लक्ष्य सत्ता प्राप्ति नहीं, बल्कि व्यवस्था का परिवर्तन करना है। उनका कहना था कि विकास के कार्यों में तेजी आएगी। शहर की पार्किंग व रिंग रोड की व्यवस्था को लेकर ठोस कदम उठाए जाएंगे। ग्रामीण इलाको में भी विकास तेज होगा।
सोलंकी ने कहा कि अगर आवश्यकता हुई तो आधी रात को मेडिकल कॉलेज जाने में गुरेज नहीं करेंगे। मेडिकल कॉलेज के बारे में पूछे गए सवालों पर सोलंकी ने स्पष्ट तौर पर कहा कि विकास आगे बढ़ना चाहिए, लेकिन अनियमितताएं नहीं बर्दाश्त की जा सकती हैं।
भाजपा नेताओं के ऑपरेशन लोटस के बारे में पूछे सवाल पर भी बेबाक राय रखते हुए सोलंकी ने कहा कि भाजपा के नेता इस बात को स्वीकार कर नहीं पा रहे हैं कि प्रदेश की जनता ने उन्हें नकार दिया है। अनाप-शनाप बयानबाजी कर जनता का ध्यान बांटना चाहते हैं। संस्थानों के डिनोटिफाई करने पर सोलंकी ने कहा कि सपने वही देखने चाहिए जो धरातल पर सच हो जाएं।
भाजपा ने राजनीतिक लाभ लेने के लिए आनन-फानन में 900 संस्थान अधिसूचित किए, जिसमें 5 हजार करोड़ के बजट की आवश्यकता थी। उन्होंने कहा कि विकास जरूरी है, लेकिन बजट के अभाव में इसे आगे नहीं बढ़ाया जा सकता। यह संस्थान केवल वोटों की राजनीति के लिए अधिसूचित किए गए थे। सोलंकी ने कहा कि भाजपा का प्लांनिंग से चुनाव लड़ना आसान नहीं था, हर मोड़ पर रोजाना ही एक नई चुनौती थी।
उन्होंने कहा कि समाज को विभाजित करना एक खतरनाक बात है इसे भी बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि वह कभी भी सत्ता प्राप्ति के लिए राजनीति में सक्रिय नहीं रहे। टिकट लेने के लिए कभी भी दिल्ली नहीं गए। उनका कहना था कि बातों को समझ कर विकास कार्यों में तेजी लाई जाएगी।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह से घनिष्ठता के बारे में पूछे गए सवाल पर सोलंकी ने मुस्कुराते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के आशीर्वाद से नाहन विधानसभा क्षेत्र समूचे प्रदेश में विकास की नई गाथा लिखेगा।
विधायक ने इस दौरान सिरमौर प्रेस क्लब भवन का निरीक्षण भी किया। साथ ही विस्तारीकरण को लेकर हर संभव मदद का आश्वासन भी दिया। पत्रकार वार्ता में पार्टी के मंडल अध्यक्ष सहित पार्षद राकेश गर्ग (पपली), महीपत सोलंकी, विनेश राणा, मोंटी गर्ग, एडवोकेट विरेंद्र पाल इत्यादि मौजूद रहे।