शिमला, 30 दिसंबर : हिमाचल प्रदेश की 14वीं विधानसभा का पहला सत्र 04 जनवरी 2023 से धर्मशाला स्थित तपोवन में प्रारंभ होगा। राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने शुक्रवार को इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी गई। हालांकि अभी सत्र की बैठकों को लेकर जानकारी नहीं दी गई है। कांग्रेस की सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार का यह पहला शीतकालीन सत्र होगा।
अधिसूचना के मुताबिक 4 जनवरी को पूर्वान्ह 11 बजे सत्र आरम्भ होगा। शीतकालीन सत्र के दौरान विधानसभा के प्रोटेम स्पीकर चंद्र कुमार सदस्यों को शपथ दिलाएंगे। सत्र में विधानसभा अध्यक्ष व उपाध्यक्ष भी चुने जाएंगे। इसके अलावा राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा व पारण होगा व अन्य शासकीय व विधायी कार्य निपटाए जाएंगे।
बता दें कि इससे पहले 22 से 24 दिसंबर तक तीन दिवसीय शीतकालीन सत्र अधिसूचित हुआ था। लेकिन मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के कोरोना संक्रमित होने की वजह से सत्र को स्थगित कर दिया गया था।
सत्र में हंगामा कर सकते हैं विपक्षी भाजपा सदस्य
14वीं विधानसभा के इस पहले सत्र के हंगामेदार रहने की संभावना है। विपक्षी दल भाजपा ने पूर्व सीएम जयराम ठाकुर को नेता प्रतिपक्ष बनाया है। उनके नेतृत्व में विपक्षी सदस्य सैंकड़ों संस्थानों व दफ्तरों को बंद करने के मुद्दे पर सत्तापक्ष की घेराबंदी करेंगे।
दरअसल, प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने पूर्व भाजपा सरकार के बीते लगभग 9 माह के फैसलों की पुनः समीक्षा के आदेश दिए हैं। कांग्रेस सरकार 4 अप्रैल 2022 के बाद विभिन्न विभागों में खुले 570 से अधिक दफ्तरों व संस्थानों पर ताला लगा चुकी है। राज्य सरकार का तर्क है कि भाजपा ने बिना बजट प्रावधान के चुनाव की दृष्टि से ये दफ्तर खोले थे। भाजपा प्रदेश सरकार के इस कदम का विरोध कर रही है और इसे सरकार की बदले की भावना से की गई कार्रवाई करार दे रही है। ऐसे में भाजपा द्वारा इस मुद्दे पर सत्र के दौरान हंगामा किया जा सकता है।