बिलासपुर, 29 दिसंबर : जिला के सदर विधानसभा क्षेत्र की चांदपुर पंचायत में स्थित ठाकुर कुश्ती अकादमी की महिला पहलवान सोनिका ठाकुर ने एक बार फिर अपने दांव पेंचों से अकादमी का नाम रोशन किया है। एक सप्ताह के भीतर सोनिका ने दूसरी बार कांस्य पदक अकादमी की झोली में डाला है।
आपको बता दें कि इससे पहले सोनिका विशाखापट्टनम में हुई राष्ट्रीय महिला कुश्ती चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीत चुकी है।
अंतरराष्ट्रीय कोच एवं अकादमी के संचालक विवेक ठाकुर ने बताया कि सोनिका ने रोहतक में हुई दूसरी नेशनल सीनियर ग्रैंड प्रिक्स कुश्ती प्रतियोगिता में कांस्य पदक हासिल किया है। उन्होंने बताया कि दाे दिन तक चली इस प्रतियोगिता का आयोजन भारतीय कुश्ती संघ द्वारा हरियाणा के रोहतक में किया था। इस प्रतियोगिता में सोनिका का पहले मुकाबले में कोई भी प्रतिद्वंद्वी न होने के कारण अगले राउंड में चयन हो गया। उसके बाद दिल्ली की कोमल दलाल के साथ मुकाबला हुआ। जिसमें उसने कोमल को धूल चटा दी।
कांस्य पदक के लिए फाइनल मुकाबला सोनिका और दिल्ली की पूजा के साथ हुआ। इस मुकाबले में पूजा को शिकस्त का मुंह देखना पड़ा। दो दिन पहले ही सोनिका का कांस्य पदक जीतने के बाद बिलासपुर पहुंचने पर स्वागत किया था।