शिमला, 26 दिसंबर : हिमाचल के पर्यटन स्थल क्रिसमस के मौके पर सैलानियों से गुलजार रहे। पर्यटन नगरी मनाली, मैक्लोडगंज, धर्मशाला, शिमला आदि पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों का जमावड़ा लगा रहा। वीकेंड पर क्रिसमस होने के चलते सैलानियों ने अधिक मात्रा में पहाड़ों का रुख किया। पर्यटन नगरी मनाली की बात की जाए तो रविवार सुबह 8:00 बजे से शाम 8:00 बजे तक यहां तकरीबन 8,000 वाहनों ने प्रवेश किया। मनाली में लगभग 60,000 से अधिक पर्यटक क्रिसमस मनाने पहुंचे।
वही शिमला में भी पर्यटकों का खासा जमावड़ा लगा हुआ था। धर्मशाला मैकलोडगंज में भी काफी तादाद में सैलानी पहुंचे। होटलों में सैलानियों ने क्रिसमस पर डीजे पार्टी, फूड फेस्टिवल आदि का लुत्फ़ उठाया। शिमला के ऐतिहासिक जगह रिज मैदान पर स्थित चर्च में हजारों की तादाद में लोगों ने आकर प्रार्थना की। चर्च को सुबह 9:00 बजे से शाम 5:30 बजे तक पर्यटकों के लिए खुला रखा गया था।
जनजातीय जिला लाहौल स्पीति को शेष दुनिया से 12 महीने जोड़े रखने वाली अटल टनल से भी हजारों वाहन आर पार हुए हैं। क्रिसमस मौके पर 24 घंटों के भीतर 19000 से अधिक पर्यटक वाहन आर पार हुए हैं।
24 घंटों के भीतर लाहौल घाटी में 5635 वाहनों ने प्रवेश किया है, जबकि 4884 वाहन जिला से बाहर निकले हैं। जो निश्चित रूप से अटल टनल से वाहनों की गुजरने की क्षमता से अधिक है। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि जनजातीय जिला लाहौल स्पीति पर्यटकों को भाने लगा है।