शिमला, 22 दिसंबर : कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता और ठियोग से विधायक चुनकर आए कुलदीप सिंह राठौर ने शिमला में ठियोग क्षेत्र की जनता का आभार प्रकट करते हुए कहा कि पार्टी में जिस भी पद के लिए उन्हें जिम्मेदारी दी है उसे पूरी बखूबी के साथ निभाया गया है। भविष्य में भी पार्टी हाईकमान ही तय करेगा कि उन्हें संगठन या सरकार में क्या जगह दी जानी है। .
कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि वह किसी भी पद की दौड़ में नहीं है। प्रदेश में कांग्रेस पार्टी को लोगों ने जनादेश दिया है अभी सरकार ने पूरी तरह से कार्य करना भी शुरू नहीं हुआ है और विपक्ष बदले की भावना के बेबुनियाद आरोप लगा रही है। विपक्ष को थोड़ा सब्र कर लेना चाहिए। राठौर ने कहा कि हाल ही में सभी विधायक राजस्थान दौसा में राहुल गांधी की
भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने गए थे। जहां पर राहुल गांधी ने प्रदेश के लोगों के हितों के लिए कार्य करने को कहा है। अब राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा हरियाणा पहुंचने वाली है और हिमाचल की सीमाओं के क्षेत्रों को छूती हुई राहुल गांधी की यात्रा आगे बढ़ेगी। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को लोगों का पूरा जनसमर्थन मिल रहा है।