नाहन, 21 दिसंबर : हिमाचल प्रदेश के पांवटा साहिब के भूपपुर में गोली चलने की वारदात सामने आई है। ये हमला शिवपुर के बरोटीवाला के रहने वाले करीब 28 वर्षीय महेंद्र सिंह सैनी उर्फ गोलू पुत्र सोहन सिंह पर हुआ है। अंतिम समाचार के मुताबिक घटनास्थल पर जांच की कमान डीएसपी रमाकांत ठाकुर ने संभाली हुई है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक गोली चलाने के साथ-साथ हमलावरों ने गोलू की पिटाई भी की है।
गोली की वारदात से शहर में डर का माहौल भी बना हुआ है। ये भी जानकारी सामने आ रही है कि हमले में आधा दर्जन से अधिक नकाबपोश शामिल थे। हमलावरों ने महेंद्र सैनी पर गोलियां दागनी शुरू कर दी। हालांकि, पुलिस छानबीन में जुटी हुई है, लेकिन स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया है कि हमलावरों ने नकाब पहने हुए थे। मौके से पैदल ही फरार हुए। हमले के दौरान महेंद्र एक दुकान में अपनी जिप्सी की रिपेयर करवा रहा था।
फिलहाल, मिली जानकारी के मुताबिक हमले में महेंद्र सिंह बाल-बाल बच गया है। मेडिकल रिपोर्ट में गंभीर चोट नहीं लगने की बात सामने आई है।
उधर, एमबीएम न्यूज नेटवर्क से बातचीत में पांवटा साहिब के डीएसपी रमाकांत ठाकुर ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि इस बात की तस्दीक की जा रही है कि गोली चलाई गई थी या नहीं। अलबत्त्ता ये जरूर माना कि पीड़ित ने शिकायत में गोली चलने की बात कही है। डीएसपी ने कहा कि हमलावरों की तलाश की जा रही है। जल्द ही वारदात को अंजाम देने वालों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।