शिमला, 16 दिसंबर : भारत जोड़ो यात्रा के शुक्रवार को 100 दिन पूरे हो चुके हैं। इस खास मौके पर हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, प्रदेश पार्टी अध्यक्ष प्रतिभा सिंह सहित कांग्रेस के विधायकों ने भारत जोड़ो यात्रा में अपनी हाजिरी लगाई। इस दौरान राहुल गांधी से मंत्रिमंडल के गठन को लेकर भी चर्चा की गई।
यात्रा के दौरान की कुछ तस्वीरें भी राहुल गांधी ने अपनी सोशल मीडिया हैंडल पर शेयर की। जिस पर उन्होंने लिखा कि ” हम भारत जोड़ो यात्रा पर इसी विश्वास के साथ निकले थे कि राह कठिन होगी, मगर बदलाव मुमकिन है।100 दिनों के सबके प्यार और सौहार्द से यह विश्वास और भी पुख्ता हो गया है। आज भारत जोड़ो यात्रा में हिमाचल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री, उप-मुख्यमंत्री और विधायक शामिल हुए। राज्य में उनकी मेहनत और तपस्या की सफलता इस बात का प्रतीक है कि हिमाचल ने नफ़रत की मानसिकता को ठुकरा कर प्रगति और प्रेम को गले लगाया है।
बता दें कि यात्रा में शामिल होने के लिए वीरवार शाम को कांग्रेस के विधायक वोल्वो बस में राजस्थान के अलवर के लिए रवाना हुए थे। वही बताया जा रहा है कि शुक्रवार शाम तक सभी विधायकों की राजस्थान से दिल्ली वापस लौटने की योजना है। क्योंकि प्रदेश में मंत्रिमंडल के गठन के साथ-साथ 22 दिसंबर से विधानसभा का शीतकालीन सत्र भी आयोजित होना है। वही मंत्रिमंडल में जगह पाने के लिए कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता दिल्ली में लॉबिंग करने में लगे हुए है।