हमीरपुर, 08 दिसंबर : हिमाचल विधानसभा चुनाव 2022 में हमीरपुर से आजाद प्रत्याशी आशीष शर्मा ने चुनाव जीत लिया है। भाजपा में होने के चलते उन्होंने पहले भाजपा से टिकट मांगा, लेकिन नहीं मिला उसके बाद वह कांग्रेस में शामिल हुए, लेकिन 48 घंटो में कांग्रेस को छोड़ दिया। उसके बाद आजाद प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लड़ा और आज जीत का जश्न मना रहे हैं।
हमीरपुर विधानसभा चुनाव में कुल 9 प्रत्याशी थे। मुकाबला भाजपा-कांग्रेस में माना जा रहा था, लेकिन आशीष शर्मा ने 25 हजार 533 मत हासिल कर दोनों प्रमुख दलों का गणित बिगाड़ दिया। भाजपा के नरेंद्र ठाकुर को 12 हजार 480 मत मिले, जबकि कांग्रेस के पुष्पेंद्र वर्मा को 12 हजार 482 मतों पर संतोष करना पड़ा। वहीं, नोटा को भी यहां 244 वोट मिले।
आपको बता दें कि कांग्रेस को ज्वाइन करने के 48 घंटों के भीतर ही निर्दलीय प्रत्याशी आशीष शर्मा ने बाय-बाय कह दिया था। 68 विधानसभा क्षेत्र वाले हिमाचल में हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस अपना प्रत्याशी नामांकन की डेड लाइन से महज ढाई घंटे पहले तय कर पाई थी। बता दें कि प्रदेश गौ सेवा आयोग के सदस्य आशीष शर्मा भाजपा से ताल्लुक रखते हैं।