शिमला, 08 दिसंबर : हिमाचल प्रदेश के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को सबसे बड़े सियासी जिला कांगड़ा में मिली बढ़त ने सतासीन कर दिया है। शिमला, सोलन, हमीरपुर और ऊना में भी कांग्रेस ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। इन चार जिलों की 37 सीटों में से कांग्रेस को 29 सीटों पर जीत मिली है। कांग्रेस ने कांगड़ा में 10, शिमला में 07, सोलन में 04, हमीरपुर में 04, ऊना में 04 सीटें जीतीं हैं। अंतिम आंकड़े में कांग्रेस ने 40 सीटों पर कब्जा किया है,जबकि भाजपा को 25 सीटों पर संतोष करना पड़ा है। तीन निर्दलीयों ने बाजी मारी है।
भाजपा के गढ़ रहे हमीरपुर में भी कांग्रेस की जबरदस्त धाक देखने को मिली है। यहां भाजपा खाता भी नहीं खोल पाई है। जनजातीय जिलों लाहौल-स्पीति और किन्नौर की दो सीटें भी कांग्रेस के खाते में गईं है। कांग्रेस को सबसे बड़ा नुकसान मंडी जनपद में झेलना पड़ा। यहां कांग्रेस को एक सीट पर जीत मिली है, जबकि भाजपा ने पिछले विस चुनाव की तरह परचम लहराते हुए 10 में से 09 सीटों पर जीत दर्ज की। हालांकि सोलन जिले में भाजपा खाता भी नहीं खोल पाई। सोलन की 05 में से 04 सीटों पर कांग्रेस और एक पर निर्दलीय को जीत मिली है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के गृह जिला बिलासपुर में भाजपा तीन सीटें जीतने में कामयाब रही, वहीं कांग्रेस को एक सीट पर जीत मिली है। कुल मिलाकर भाजपा सोलन, हमीरपुर, लाहौल-स्पीति और किन्नौर में खाता नहीं खोल पाई है। मंडी जिला ही भाजपा की साख को सहारा दे गया अन्यथा पार्टी को बेहद शर्मिंदगी का सामना करना पड़ता क्योंकि सीटों का आंकड़ा 20 से नीचे जा सकता था।
कांग्रेस और भाजपा की सीटों पर नजर
कांगड़ा में कांग्रेस-10, भाजपा-4, निर्दलीय -1
शिमला में कांग्रेस-7, भाजपा-1
सोलन में कांग्रेस-4, भाजपा-0, निर्दलीय 1
ऊना में कांग्रेस-4, भाजपा-1
हमीरपुर में कांग्रेस-4, भाजपा-0, अन्य 1
सिरमौर में कांग्रेस-3, भाजपा-2
चंबा में कांग्रेस-2, भाजपा-3
बिलासपुर में कांग्रेस-1, भाजपा-3
मंडी में कांग्रेस-1, भाजपा -9
कुल्लू में कांग्रेस-2, भाजपा-2
लाहौल स्पीति में कांग्रेस-1, भाजपा-0
किन्नौर में कांग्रेस-1, भाजपा-0