शिमला, 07 दिसंबर : हिमाचल विधानसभा चुनाव के 25 दिन बाद 08 दिसंबर यानी बृहस्पतिवार को प्रदेश की सभी 68 विधानसभा सीटों के चुनाव नतीजे घोषित होंगे। लोकतंत्र के महाकुंभ में बीते 12 नवंबर को मतदाताओं द्वारा इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों में बंद 412 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला होगा। इनमें 24 महिला उम्मीदवार भी शामिल हैं। सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू हो जाएगी और दोपहर एक से दो बजे तक पूरे नतीजे आने की संभावना है।
68 सीटों पर सुबह 8:00 बजे शुरू होगी मतगणना…. चुनाव आयोग ने विधानसभा चुनाव की मतगणना के लिए सभी प्रबंध पूरे कर लिए गए हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनीष गर्ग ने बताया कि राज्य भर में बनाए गए 68 मतगणना केंद्रों पर सुबह 8 बजे मतगणना आरंभ होगी। मतगणना की पूरी प्रक्रिया के लिए वीडियोग्राफी और सीसीटीवी का उपयोग किया जाएगा। मतगणना केंद्रों के सीमित दायरे में धारा 144 लगाई जायेगी।
भाजपा और कांग्रेस में मुख्य मुकाबला, आप, बसपा, माकपा भी आज़मा रहे किस्मत…. प्रदेश के चुनावी रण में मुख्य मुकाबला भाजपा व कांग्रेस के बीच माना जा रहा है। कांग्रेस व भाजपा ने सभी 68 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं। इसी तरह आम आदमी पार्टी के 67, बहुजन समाज पार्टी के 53 और माकपा के 11 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। इस बार प्रदेशभर में 99 निर्दलीय उम्मीदवारों के राजनीतिक भाग्य का भी फैसला होना है।
हार जीत के साथ ही रिवाज और राज पर भी नजर… नतीजे देने वाले मतदाता और किस्मत आजमाने वाले उम्मीदवार दोनों ही उत्सुकता से इन नतीजों की प्रतीक्षा कर रहे हैं। नतीजा भले ही कैसा भी हो मगर ये हिमाचल के राजनीतिक रूप से परिपक्व व सूझबूझ वाले मतदाता की एक और मिसाल बनेगा। जैसे कि अतीत के चुनावों में भी मतदाता की ये परिपक्वता देखने को मिलती रही है। इसके साथ ही यह भी साफ हो जाएगा कि इस बार सत्ता की बागडोर किस दल के हाथों में आएगी।
वर्ष 1985 के बाद से सरकार बदलने की परंपरा टूटेगी या कायम रहेगी। बड़ा सवाल यह है कि सत्ता परिवर्तन का ‘रिवाज’ बदलने का दावा करने वाली भाजपा फिर सत्ता में लौटेगी या कांग्रेस ‘राज’ बदलकर सतासीन होगी। पहली बार चुनाव मैदान में उतरी आम आदमी पार्टी मतदाताओं के दिलो में कितनी जगह बना पाई है, इस पर भी राजनीतिक पंडितों की नजरें रहेंगी।
इस बार प्रदेश के विधानसभा चुनाव में रिकार्ड 75.60 फीसदी मतदान हुआ है, जिसमें महिलाओं की भागीदारी पुरुषों से अधिक रही। दोनों ही पक्ष यानि सत्ताधारी भाजपा व विपक्षी दल कांग्रेस इसे अपने-अपने पक्ष में मान रहे हैं।
एग्जिट पोल में कांग्रेस-भाजपा में कांटे की टक्कर…. चुनाव पूर्व आए विभिन्न एजेंसियों के एग्जिट पोल में भाजपा और कांग्रेस के बीच कड़ी टक्कर बताई गई है। हालांकि अधिकांश एग्जिट पोल ने भाजपा की सरकार बना दी है। मगर कांग्रेस पार्टी इसे मानने को तैयार नहीं है। मुख्यमंत्री समेत सभी भाजपा के दिग्गजों को उम्मीद है कि हिमाचल का मतदाता इन्हें एक बार फिर सेवा का मौका देगा। जबकि कांग्रेस पार्टी के नेता दो तिहाई बहुमत से अपनी सरकार बनने के प्रति आश्वस्त है।
इनके नतीजों पर रहेगी खास नजर…. भाजपा में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, विधानसभा अध्यक्ष विपिन परमार, विधानसभा उपाध्यक्ष हंसराज, कैबिनेट मंत्रियों सुरेश भारद्वाज, वीरेंद्र कंवर, सुखराम चौधरी, बिक्रम सिंह ठाकुर, सरवीण चौधरी, राकेश पठानिया, राजेन्द्र गर्ग, राजीव सहजल, रामलाल मार्कंडेय की प्रतिष्ठा दांव पर है। कांग्रेस में नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री और प्रदेश कांग्रेस प्रचार कमेटी के अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू मुख्यमंत्री पद के दावेदार हैं। इसलिए पूरी कांग्रेस की निगाहें उनकी सीटों पर लगी हैं।
इसके अलावा कांग्रेस के अन्य वरिष्ठ नेताओं में पूर्व मंत्रियों कौल सिंह, आशा कुमारी, रामलाल ठाकुर, सुधीर शर्मा, पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप राठौर, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह के बेटे विक्रमादित्य सिंह के नतीजों पर नजर रहेगी। अपना पहला चुनाव लड़ रहे कैबिनट मंत्री महेंद्र सिंह के बेटे रजत ठाकुर और दिवंगत मंत्री जीएस बाली के बेटे रघुबीर बाली के नतीजों पर भी निगाहें रहेगी।
पीयूष कांगा सबसे कम आयु के प्रत्याशी…. सबसे कम आयु के पीयूष कांगा (26) बिलासपुर विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय प्रत्याशी हैं जबकि गगरेट विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस पार्टी के चैतन्य (28), नाचन विधानसभा क्षेत्र से आम आदमी पार्टी प्रत्याशी जबना (29), भरमौर विधानसभा क्षेत्र से हिमाचल जन क्रांति पार्टी की पूजा (29) नूरपुर विधानसभा क्षेत्र से आम आदमी पार्टी की मनीषा (30), करसोग विधानसभा क्षेत्र से सी.पी.आई (एम) के किशोरी लाल (31), शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस पार्टी के विक्रमादित्य सिंह (33) तथा करसोग विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी दीप राज (34) युवा प्रत्याशी हैं।
कांग्रेस के डॉ. धनी राम शांडिल सबसे उम्रदराज प्रत्याशी… उम्रदराज प्रत्याशियों में सोलन विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के डॉ. धनी राम शांडिल (82), ज्वाली विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी चन्द्र कुमार (78), पच्छाद विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय प्रत्याशी गंगू राम मुसाफिर (77), द्रंग विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के कौल सिंह ठाकुर (76), भरमौर विधानसभा क्षेत्र कांग्रेस के ठाकुर सिंह भरमौरी (75), बैजनाथ विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के किशोरी लाल (75) चुनाव मैदान में हैं।