पांवटा साहिब, 02 दिसंबर : उपमंडल में आंगनबाड़ी से मासूम बच्चों का राशन चोरी करने वाले चोर को पुलिस ने सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। आरोपी की पहचान राजू निवासी देवी नगर पांवटा साहिब के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आरोपी पहले भी कई बार चोरी की वारदातों को अंजाम दे चुका है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक शिकायतकर्ता सरस्वती देवी ने बताया कि 30 नवंबर को शाम 3 बजे वह आंगनबाड़ी बंद करके घर चली गई थी। सुबह जब वह वापस आंगनबाड़ी पहुंची तो पाया कि आंगनबाड़ी केंद्र के ताले टूटे हुए हैं। अंदर जाकर देखा तो पाया कि यहां से 36 किलो रिफाइंड, 20 किलो चने,10 किलो राजमा सहित बच्चों का अन्य सामान चोरी हो गया है। जिसके बाद महिला ने तुरंत ही पुलिस को इसकी सूचना दी।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आस-पास के सीसीटीवी फुटेज को खंगालना शुरू किया। इसी के आधार पर पुलिस ने यमुना बैरियर पर लगे सीसी कैमरे भी चेक किए।
डीएसपी रमाकांत ठाकुर ने पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। उन्होंने यह भी माना कि आरोपी पहले भी चोरी की घटनाओं में संलिप्त रहा है। लिहाजा, पुलिस आरोपी से गहनता से पूछताछ कर रही है।