हमीरपुर, 30 नवंबर : अंतरराष्ट्रीय वेटलिफ्टर विकास ठाकुर को राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अर्जुन अवार्ड से सम्मानित किया। बता दें कि विकास ठाकुर हमीरपुर जिला के टौणी देवी से ताल्लुक रखते है।विकास ठाकुर भारतीय वायुसेना में वारंट अफसर के पद पर सेवारत हैं। वह हमीरपुर जिले की टौणी देवी तहसील के गांव पटनौण के रहने वाले हैं। अपनी कामयाबी का श्रेय वे अपने माता-पिता को देते हैं।
अंतरराष्ट्रीय वेटलिफ्टर विकास ठाकुर ने स्नैच में 150 किलोग्राम और क्लीन एंड जर्क में 183 किलोग्राम भार उठाया था, जबकि वर्ष 2018 के गोल्ड कोस्ट राष्ट्रमंडल खेलों में 94 किलोग्राम भार वर्ग में कुल 351 किलोग्राम भार उठाकर देश के लिए कांस्य पदक जीता था।
वहीं विकास के परिवार में पिता बृजलाल ठाकुर, माता आशा, बहन अभिलाषा ठाकुर और बहनोई संगीत अत्री हैं। उनका परिवार लुधियाना में रहता है। पिता रेलवे में नौकरी करते हैं, जबकि माता घरेलू महिला हैं। इसके अलावा हमीरपुर के पटनौण स्थित घर में उनके ताया कुमार चंद ठाकुर, ताई लता ठाकुर, चचेरा भाई अमित ठाकुर, भाभी मनु ठाकुर, भतीजियां इशिता और अनवी ठाकुर परिवार के दूसरे सदस्य रहते हैं।
ये भी पढ़ें : अंतरराष्ट्रीय वेटलिफ्टर विकास ठाकुर के लिए दोहरी खुशी, आज मिलेगा अर्जुन अवार्ड
अंतरराष्ट्रीय वेटलिफ्टर विकास ठाकुर लुधियाना की डॉक्टर प्रीति के साथ विवाह के बंधन में बंधने जा रहे है। प्रीति पंजाब में डॉक्टर के पद पर कार्यरत हैं। दोनों की अरेंज मैरिज हो रही है। कुछ समय पहले ही इनकी सगाई हुई थी व अब 2 दिसंबर को शादी होगी। 5 दिसंबर को वह अपने पैतृक गांव में शादी की अन्य रस्मों को पूरा करेंगे व प्रीतिभोज भी देंगे।