शिमला, 30 नवंबर : हिमाचल विधानसभा चुनाव में 12 नवंबर को हुए मतदान के बाद अब सैन्य व चुनाव ड्यूटी में तैनात सरकारी कर्मचारियों की पोस्टल बैलेट से मतदान की प्रक्रिया चल रही है। कांग्रेस पार्टी ने पोस्टल बैलेट की धीमी वोटिंग होने का दावा किया है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने बुधवार को कहा कि उन्हें जानकारी मिल रही है कि भाजपा के कुछ नेता रिटर्निंग अधिकारियों पर सत्ता का दबाव बना कर उनसे डाक मतदाताओं की सूचियां प्राप्त कर उन मतदाताओं को भाजपा के पक्ष में मतदान करने का दबाव डाल रहे हैं। यही कारण है कि कर्मचारी अपना मतदान करने में कोई रुचि नहीं ले रहे हैं।
प्रतिभा सिंह ने प्रदेश चुनाव आयोग से सभी डाक मत पत्रों की वापसी सुनिश्चित करने का आग्रह किया है। उन्होंने आयोग से सभी चुनाव रिटर्निंग अधिकारियों से इस कार्य में तुरंत तेजी लाने के निर्देश देने को भी कहा है।
प्रतिभा सिंह ने प्रदेश के मुख्य चुनाव अधिकारी मनीष गर्ग से दूरभाष पर डाक मत पत्रों की धीमी गति वापसी पर चिंता व्यक्त करते हुए इस कार्य में तेजी लाने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि चुनाव ड्यूटी पर तैनात कुछ कर्मचारियों को डाक मत पत्र जारी होने के बावजूद संबंधित कर्मचारी को प्राप्त नही हुए। यह मतपत्र कहा गायब हो गए है इसकी पूरी जांच की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि डाक मतपत्रों के साथ किसी भी प्रकार से कोई छेड़छाड़ न हो,यह भी पूरी तरह सुनिश्चित किया जाना चाहिए।