कांगड़ा/ आशीष शर्मा : हिमाचल की व्हीलचेयर क्रिकेट टीम में चुने गए दिव्यांग क्रिकेटर सन्नी युवाओं के लिए प्रेरणा बन गए है। तमाम मुश्किल परिस्थितियों के बावजूद भी हार नहीं मानी और इसका नतीजा ये है कि उनका चयन राजस्थान में होने वाली राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है। सन्नी अब हिमाचल प्रदेश की टीम में जुड़ गए है।
इस प्रतियोगिता में देश की 16 टीमें भाग ले रही हैं। यह प्रतियोगिता 27 नवंबर से 3 दिसंबर तक आयोजित की जा रही है। दिव्यांग क्रिकेटर खिलाड़ी सन्नी (35) पुत्र सतपाल, कांगड़ा के डाडासीबा स्थित गांव त्यामल के निवासी है। सन्नी 55 परसेंट अपंग है। सन्नी के पिता मेहनत मजदूरी का काम करते हैं, तथा माता आंगनबाड़ी में सहायिका है। परिवार की आर्थिक स्थिति अच्छी न होने के बावजूद भी सन्नी ने अपनी मेहनत के बल पर ही यह उपलब्धि हासिल की है। सन्नी की आय का कोई भी साधन नहीं है।
वहीं, दिसंबर 2021 में धर्मशाला में आयोजित पैरा स्पोर्ट्स चैंपियनशिप में भी सनी ने शॉटपुट में स्वर्ण, डिस्कस थ्रो में स्वर्ण, 200 मीटर व्हील चेयर रेस में सिल्वर मैडल प्राप्त किया था।