शिमला, 24 नवम्बर : प्रदेश कांग्रेस संगठन महामंत्री रजनीश किमटा ने कहा है कि हिमाचल प्रदेश के विधानसभा चुनाव में भाजपा अपनी हार को देखते हुए अभी से नेताओं की खरीद-फरोख्त की रणनीति पर कार्य कर रही है। कुछ नेताओं को तो जांच एजेंसियों के नाम से डराने का भी असफल प्रयास किया जा रहा है।
किमटा ने गुरुवार को शिमला में कहा कि प्रदेश में जनादेश कांग्रेस के पक्ष में जाएगा। ऐसे में भाजपा चुनाव नतीजों से पहले अभी से नेताओं पर डोरे डालने का असफल प्रयास कर रही है। उनका कहना है कि हिमाचल प्रदेश में कोई भी नेता बिकने वाला नहीं है। प्रदेश में भाजपा का कोई भी षड्यंत्र सफल नहीं होगा।
किमटा ने कहा कि स्ट्रांग रूम के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा ईवीएम की निगरानी और उसकी कड़ी सुरक्षा से भी भाजपा की आपत्ति उनकी निराशा को उजागर करती है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग ने भी इस बारे दिशानिर्देश की स्थिति स्पष्ट कर दी है कि कोई भी राजनैतिक दल स्ट्रांग रूम की निगरानी कर सकता है। उन्होंने कहा कि ईवीएम की सुरक्षा और उसकी निगरानी करना कांग्रेस का दायित्व है,क्योंकि भाजपा की कथित नैतिकता पर अब किसी को कोई भरोसा नहीं है।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने देश के लोकतंत्र को कमजोर करने की कोशिश की है। कई राज्यों में चुनी हुई अन्य दलों की सरकारों को गिराकर, नेताओं की खरीद फरोख्त से अपनी सरकार बनाई है, लेकिन हिमाचल प्रदेश में ऐसा कुछ होने वाला नहीं है।