चंडीगढ़/ शिमला: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की क्रिकेट खेलने के दौरान एक तस्वीर सामने आई है। इस तस्वीर को सियासत से जोड़ कर देखा जा रहा है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व गेंदबाज चेतन शर्मा की गेंद पर मुख्यमंत्री ने बड़ा शॉट खेला, इसके बाद उत्साहित मुख्यमंत्री बोले, देखा आउट नहीं हुआ, बल्कि गेंद बाउंड्री पार गई है। यह कहना तो मुश्किल है कि विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शानदार शॉट खेला है या नहीं। इसका पता तो 8 दिसंबर को लग पायेगा। यह भी हो सकता है कि गेंदबाज चेतन शर्मा ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को फ्रेंडली माहौल में एक ऐसी गेंद खिलाई हो ताकि सीएम साहब बड़ा शॉट खेल सके।
यह तस्वीर चंडीगढ़ के आईटी पार्क के महाजन क्रिकेट मैदान से सामने आई हैं। सामने आ रही जानकारी के मुताबिक मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने चेतन शर्मा की 4 गेंदों का सामना किया। बल्ले के शानदार शॉट से उत्साहित मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने निश्चित तौर पर क्रिकेट के मैदान को सियासत से जोड़कर चुटकी ली थी। मुख्यमंत्री इस टिप्पणी पर कि देखो आउट नहीं हुआ के बाद हर कोई ठहाके लगाने लगा।
दीगर है कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को चंडीगढ़ में बलरामजी दास टंडन मेमोरियल अंडर 16 इंटर स्टेट क्रिकेट टूर्नामेंट में बतौर मुख्यमंत्री आमंत्रित किया गया था। हरियाणा के विजेता टीम को मुख्यमंत्री ने सम्मानित भी किया। समापन समारोह में मुख्यमंत्री का संबोधन भी हिमाचल की सियासत से जुड़ा हुआ था। बोले, खुद बड़े टूर्नामेंट (विधानसभा चुनाव) में व्यस्त था। मुख्यमंत्री जयराम के साथ पार्टी के कई नेता भी मौजूद थे।