मंडी, 10 नवंबर : वीरवार को हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनावों के अंतिम दिन मंडी जिला के बल्ह विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशी प्रकाश चौधरी ने एक रोड़ शो कर अपने लिए समर्थन जुटाने का प्रयास किया।
इस दौरान सैंकड़ों कार्यकर्ताओं ने बल्ह के डडौर से नेरचौक कस्बे तक रोड़ किया और प्रकाश चौधरी ने लोगों से मिलकर कांग्रेस को समर्थन देने की सभी से अपील की। इस दौरान मीडिया से अनौपचारिक बातचीत के दौरान बल्ह से कांग्रेस के प्रत्याशी व पूर्व में रहे मंत्री प्रकाश चौधरी ने कहा कि मंडी ही नहीं पूरे प्रदेश में कांग्रेस को लोगों का समर्थन मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा ही गरीबों के लिए काम करती रही है और आने वाले समय में भी जनकल्याण के लिए प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने जो गारंटियां जनता को दी हैं उन्हें सरकार बनते ही पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता प्रदेश में मौजूदा भाजपा सरकार की जन विरोधी नीतियों से परेशान है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनेगी और बल्ह से भी सहयोग मिला तो आने वाले समय में यहां पर भी विकास कार्यों को गति प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनता के विकास का मॉडल जनता से पूछ कर ही बनाया जाएगा।