केलांग, 10 नवंबर : हिमाचल में बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है। लाहौल स्पीति, किन्नौर, चंबा सहित कुल्लू जिला में भी ताजा बर्फबारी दर्ज हुई है। अटल टनल के दोनों छोर पर ताजा हिमपात हुआ है। वहीं, लाहौल स्पीति के काजा से भी ताजा बर्फबारी की तस्वीरें सामने आई है।
यहां पिछले 24 घंटों में तकरीबन 3 से 6 इंच तक बर्फबारी दर्ज हुई है। वहीं, बर्फबारी का दौर अभी भी जारी है। चुनाव से ठीक 2 दिन पहले हुई बर्फबारी ने चुनाव आयोग की मुश्किलें बढ़ा दी है। गौरतलब है कि 12 नवंबर को हिमाचल में एक ही चरण में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान होना है।
लिहाजा, बर्फ़बारी होने से लोगों को मतदान केंद्र तक पहुंचने में भी मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है। क्षेत्र में हुई बर्फबारी के कारण निचले इलाकों में भी कंपन बढ़ गई है। लोग गर्म कपड़े पहने नजर आने लगे हैं।
उधर, लाहौल पुलिस ने एडवाइजरी जारी करते हुए कहा कि हिमपात होने के कारण सभी सड़कें वाहनों के लिए बंद है। स्थानीय लोगों तथा पर्यटकों को हिदायत दी जाती है कि अनावश्यक यात्रा न करें। उन्होंने कहा कि बहाली का कार्य जारी है। अधिक जानकारी के लिए जिला आपदा नियंत्रण कक्ष 945946-1355 व कंट्रोल रूम 89880-92298 पर संपर्क कर सकते है।