नाहन, 9 नवंबर : हिमाचल प्रदेश के विधानसभा चुनाव प्रचार का वीरवार को अंतिम दिन होगा। कांग्रेस व भाजपा ने पूरी ताकत झौंक दी है। दिलचस्प ये है कि कांग्रेस की दिग्गज नेत्री प्रियंका गांधी वीरवार को सतौन आ रही हैं। इसी जगह पर देश के गृह मंत्री अमित शाह की आभार रैली रखी गई थी। ये रैली हाटी समुदाय को जनजातीय दर्जा देने के लिए रखी गई थी।
गिरिपार के प्रवेश द्वार सतौन में ही कांग्रेस ने प्रियंका गांधी की रैली को रखा है। रोचक ये भी है कि सतौन से तकरीबन 30 किलोमीटर दूर पांवटा साहिब में गृह मंत्री अमित शाह भी पार्टी प्रत्याशी के लिए वोट मांग रहे होंगे। यानि, सिरमौर में चुनाव प्रचार के अंतिम दिन खासी राजनीतिक हलचल होगी।
बता दें कि अक्तूबर के अंतिम सप्ताह में प्रियंका गांधी की रैली नाहन में प्रस्तावित थी, लेकिन दो दिन पहले ही इस रैली को सतौन में रखने का निर्णय लिया गया। संभव है कि प्रियंका गांधी की रैली को उस स्थान पर रखने का निर्णय लिया गया, जहां तीन सप्ताह पहले अमित शाह भी पहुंचे थे।
सिरमौर में जहां तक कांग्रेस के स्टार प्रचारकों का सवाल है तो भाजपा उत्तराखंड व हरियाणा के मुख्यमंत्रियों के अलावा केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को उतार चुकी है। पड़ोसी राज्य उत्तराखंड के नेता मुन्ना चौहान भी सीमांत इलाके में मोर्चा संभाले हुए हैं।
राजस्थान की सांसद दीया कुमारी व गुज्जर नेताओं ने भी नाहन में भाजपा के पक्ष में लहर बनाने का प्रयास किया। हिमाचल कांग्रेस के वरिष्ठ नेताा सुखविंद्र सुक्खू भी नाहन विधानसभा क्षेत्र में अजय सोलंकी के पक्ष में वोट मांगने पहुंचे थे। पार्टी की प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने पच्छाद के राजगढ़ में दयाल प्यारी के लिए वोट मांगे।
उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत व कांग्रेस के सह प्रभारी संजय दत्त ने भी नाहन में पत्रकारवार्ता के माध्यम से अपनी बात रखी थी।