मंडी, 08 नवंबर : धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र (Dharampur Assembly Constituency) के भराड़ी में भाजपा की चुनावी सभा में पिता और पुत्र भावुक हो गए। दोनों के गले भर आए और आंखे छलक गई। धर्मपुर में बीते 35 वर्षों से लगातार चुनाव जीत रहे सरकार के सबसे कद्दावर कैबिनेट मंत्री को धर्मपुर की जनता ने पहली बार रोते हुए देखा। इस बार इनके स्थान पर पार्टी ने इनके बेटे रजत ठाकुर को टिकट दिया है।
भराड़ी में आज चुनावी जनसभा रखी गई थी, जिसमें सीएम जयराम ठाकुर (CM Jairam Thakur) प्रचार करने यहां आए हुए थे। सबसे पहले भाजपा प्रत्याशी रजत ठाकुर (BJP candidate Rajat Thakur) के संबोधन की बारी आई। धर्मपुर में अपने पिता द्वारा किए गए विकास कार्यों का जिक्र करते हुए उनका गला भर आया और आंखें छलक गई। उन्होंने धर्मपुर के लोगों को आश्वस्त किया कि वे महेंद्र सिंह ठाकुर के नक्शे कदम पर चलते हुए विकास के मामले में धर्मपुर को और आगे लेकर जाएंगे।
इसके बाद जब महेंद्र सिंह ठाकुर के संबोधन की बारी आई तो वे सीएम जयराम ठाकुर की तरफ से विकास कार्यों को लेकर मिले सहयोग का बखान करते हुए रो पड़े। धर्मपुर की जनता ने पहली बार अपने महबूब नेता को मंच पर रोते हुए देखा।
महेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा कि उन्होंने कई मुख्यमंत्रियों के साथ काम किया, लेकिन जयराम ठाकुर की तरफ से धर्मपुर के विकास को लेकर जो सहयोग मिला, उसे कभी नहीं भुलाया जा सकता। उन्होंने धर्मपुर की जनता से सीएम जयराम ठाकुर के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलने का आह्वान किया।
इसके बाद सीएम जयराम ठाकुर के संबोधन की बारी आई तो उन्होंने महेंद्र सिंह ठाकुर को राजनीति का सच्चा साथी बताया। उन्होंने कहा कि महेंद्र सिंह ठाकुर बीना कहे बहुत सी बातों को समझ जाते हैं और राजनीति में ऐसे साथी नहीं मिलते। उन्होंने भविष्य में धर्मपुर के मान-सम्मान को बरकरार रखने का भरोसा दिलाया और रजत ठाकुर पर अपना पूरा आशीर्वाद बनाए रखने की बात कही।