चंबा, 08 नवंबर : पांच विधानसभा क्षेत्र वाले जिला चंबा की सदर सीट पर 10 साल पहले जो स्थिति कांग्रेस में बनी थी, ठीक वैसी स्थिति इस समय भाजपा की बनी हुई है। 10 साल पहले एक बगावती नेता ने कांग्रेसी प्रत्याशी की जीत में रोड़ा अटकाया था। यही समीकरण भाजपा में बने हुए हैं। हाल ही में कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हुए दिग्गज नेता हर्ष महाजन के लिए भाजपा प्रत्याशी की नाव पार लगाना बड़ी चुनौती है। साथ ही हर्ष महाजन अपनी प्रतिष्ठा भी दांव पर लगा बैठे है।
एक तरफ भाजपा चौथी जीत के लिए मेहनत कर रही है। वहीं कांग्रेस हार की हैट्रिक के बाद वापसी की कोशिश में है। 1993, 1998 और 2003 के चुनावों में कांग्रेस से चुनाव लड़ते हुए हर्ष महाजन ने हैट्रिक लगाई थी, कांग्रेस सरकार में पशुपालन मंत्री भी रहे। इसके बाद उन्होंने चुनाव नहीं लड़ा। हर्ष महाजन ने खुद को चुनावी राजनीति से अलग क्यों किया, इस पर हमेशा ही सस्पेंस रहा है।
सदर कांग्रेस से दो बार 2007 और 2012 में पवन नैय्यर ने चुनाव लड़ा। दोनों ही बार भाजपा के प्रत्याशी बीके चौहान ने उन्हें हराया। 2017 में चुनाव में भाजपा ने सीटिंग विधायक का टिकट काट दिया और कांग्रेस से भाजपा में शामिल हुए पवन नैय्यर को टिकट थमा दिया। बहरहाल, चुनावों में भाजपा प्रत्याशी पवन नैय्यर ने कांग्रेसी प्रत्याशी नीरज नैय्यर को हराया।
ये भी पढ़ें : नाहन में जातीय समीकरण की किश्ती पर कांग्रेस, विकास के नारे पर भाजपा की नाव, ये विश्लेषण…
वर्ष 2022 के चुनावों में भी भाजपा ने एक्सपेरिमेंट करते हुए सीटिंग विधायक पवन नैय्यर का टिकट शुरुआत में ही काट दिया और ग्रामीण क्षेत्र से संबंध रखने वाली इंदिरा कपूर को चुनावी टिकट दिया। मगर विधायक व भाजपा मंडल चंबा के विरोध के बाद यह टिकट भाजपा ने विधायक की पत्नी और नगर परिषद चंबा की अध्यक्ष नीलम नैय्यर को दिया।
कांग्रेस ने दूसरी बार नीरज नैय्यर को पार्टी प्रत्याशी घोषित किया है। हालांकि इंद्रा कपूर का टिकट काटने की वजह से अदालत का एक आदेश भी माना गया। ये अलग बात है कि टिकट कटने से पहले ही इंद्रा कपूर हाई कोर्ट से स्टे लेने में भी सफल हो गई थी, लेकिन भाजपा टिकट काटने का निर्णय ले चुकी थी।
मतदाताओं का आंकड़ा….
चंबा के पांचों विधानसभा में से सदर चंबा में मतदाताओं की संख्या सबसे ज्यादा है। यहां सामान्य वोटर 83,576 है। जबकि सर्विस वोटर का आंकड़ा 409 है। पिछले तीन चुनावों से यहां भाजपा प्रत्याशियों की जीत हो रही है और 2017 के चुनावों में हैट्रिक भी भाजपा ने बनाई है। हालांकि, यहां प्रत्याशियों के चयन को लेकर एक्सपेरिमेंट भाजपा हाईकमान द्वारा किए जाते रहे हैं।
उम्मीदवारों का सबल व निर्बल पक्ष…. भाजपा प्रत्याशी नीलम नैय्यर शहर की मेयर रह चुकी है, जिसकी एंटी-इनकंबेंसी उनके साथ है। साथ ही वह पूर्व विधायक पवन नैय्यर की पत्नी है। ग्रामीण क्षेत्रों में उनकी पकड़ कम है। साथ ही उन्हें इंद्रा कपूर की बगावत भी झेलनी पड़ रही है। नीरज नैय्यर वर्तमान में चंबा से विधायक हैं। वो विपक्ष में रहने के कारण विकास कार्य ढंग से नहीं करवा पाए। साथ ही एंटी-इनकंबेंसी भी उनके साथ है।
ये भी पढ़ें : बाबा बालक नाथ जी की तपोस्थली की चढ़ाई भाजपा के लिए नहीं आसान, बगावत वजह…
निर्दलीय प्रत्याशी इंदिरा के परिवार के पास 91.50 लाख की संपत्ति….. चंबा के चुनावी रण में भाजपा की बागी इंदिरा (47) ने निर्दलीय ताल ठोकी है। भाजपा नेतृत्व में पहले उनको अपना प्रत्याशी बनाया और बाद में उनकी टिकट काट दी गई थी। इससे नाराज होकर इंदिरा ने बागी तेवर अपनाए और निर्दलीय चुनाव लड़ रही हैं। चुनावी हलफनामे के मुताबिक इंदिरा का परिवार 91.50 लाख की संपत्ति का मालिक है। इंदिरा के परिवार के पास 44 लाख की चल और 47.50 लाख की अचल संपत्ति है।
हलफनामे के अनुसार उनके नाम 18.86 लाख की चल संपत्ति है। पति के नाम 24 लाख और बच्चों के नाम क्रमशः 1.85 लाख और 10 हजार रूपये जमा हैं। इंदिरा के पास अढ़ाई लाख के जेवर और एक बोलेरो जीप है। उनकी अचल संपत्ति 37.50 लाख और पति की 10 लाख है। इसमें साढ़े 17 लाख की अचल संपत्ति उन्होंने खुद बनाई है। इंदिरा पर साढ़े नौ लाख और पति पर साढ़े 12 लाख की देनदारियां हैं।
इंदिरा की शैक्षणिक योग्यता जमा दो पास है। सितंबर 1997 में उन्होंने हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड धर्मशाला से बारहवीं की परीक्षा उत्तीर्ण की है।
ये भी पढ़ें : हमीरपुर सीट : क्या भाजपा के अभेद किले में लगेगी सेंध, महिलाओं के “हाथ” चाबी
कांग्रेस प्रत्याशी नीरज नैय्यर की संपत्ति 8.53 करोड़, पत्नी पर 3.61 करोड़ का लोन…. कांग्रेस प्रत्याशी नीरज नैय्यर करोड़पतियों की सूची में शामिल हैं। उनके परिवार की संपत्ति 8.53 करोड़ है। नीरज नैय्यर के परिवार की चल संपत्ति 3.53 करोड़ और अचल संपत्ति 5.02 करोड़ है। नीरज नैय्यर की धर्मपत्नी का एक होटल के मालिकाना हक में 50 फीसदी का शेयर है। उनकी पत्नी ने 3.61 करोड़ का लोन लिया है, जबकि खुद नीरज नैय्यर पर 36.80 लाख की देनदारियां हैं। 51 वर्षीय नीरज नैय्यर की चल संपत्ति 78.52 लाख और पत्नी की 2.49 करोड़ है।
वहीं उनके बच्चों के नाम क्रमशः 23 लाख और 15.84 लाख जमा हैं। नीरज नैय्यर के पास एक ट्रक और एक कार है, जबकि उनकी पत्नी के पास 32 लाख की लग्जरी कार है। नीरज नैय्यर के नाम 5.02 करोड़ की अचल संपत्ति है। इसमें उनका मोहाली में एक रिहायशी मकान भी शामिल हैं। नीरज नैय्यर की शैक्षणिक योग्यता बीए है।
ये भी पढ़ें : दिवंगत वीरभद्र सिंह के बेटे को बहाना पड़ रहा पसीना, भाजपा ने उतारा राजपूत प्रत्याशी
भाजपा की नीलम नैय्यर 5.97 करोड़ की मालकिन…
विधायक पवन नैय्यर का टिकट काटकर भाजपा ने उनकी धर्मपत्नी नीलम नैय्यर को चंबा के चुनाव मैदान में उतारा है। 60 वर्षीय नीलम 5.97 करोड़ की मालकिन हैं। चुनावी हलफनामे में उन्होंने अपने परिवार की चल संपत्ति 2.82 करोड़ और अचल संपत्ति 3.15 करोड़ दर्शाई है।
नीलम के नाम 91.22 लाख और पति के नाम 1.90 कराड़ की चल संपत्ति है। उनके पास 31 लाख के जेवर हैं। उनके विधायक पति पवन नैय्यर के पास 10 लाख के जेवर, 3 गाड़ियां और एक ट्रैक्टर हैं। नीलम नैय्यर के नाम एक करोड़ का व्यावसायिक भवन है। उनके पति पर 36.37 लाख की देनदारियां हैं। नीलम नैयर ने वर्ष 1982 में ग्रेजुएशन की है।