शिमला, 30 अक्टूबर : हिमाचल प्रदेश के चुनाव में गर्माहट शुरू हो चुकी है। राजनीतिक दलों के स्टार प्रचारक मैदान में कूदने लगे हैं, इसी बीच चर्चा इस बात की भी उठी है कि सत्तासीन राजनीतिक दल भाजपा ने अभिनेत्री कंगना रनौत व अंतरराष्ट्रीय रेसलर द ग्रेट खली को चुनाव प्रचार में क्यों नहीं उतारा है। ये बात इस कारण भी चर्चा में आई है, क्योंकि अभिनेत्री कंगना रनौत ने शनिवार को ही शिमला में सक्रिय राजनीति में आने के संकेत दिए हैं।
अभिनेत्री ने यह भी साफ संकेत दिया कि अगर भाजपा चाहेगी तो वह 2024 में मंडी संसदीय क्षेत्र से चुनाव लड़ने को तैयार हैं। फरवरी 2022 में अंतर्राष्ट्रीय रेसलर द ग्रेट खली ने भी भाजपा के राष्ट्रीय मुख्यालय में भगवा चोला पहन लिया था। खास बात यह भी है कि अभिनेत्री कंगना रनौत को तो कई मर्तबा सोशल मीडिया में ट्रोलिंग का सामना करना पड़ता है, लेकिन खली विवादों से दूर रहते हैं।
एक अहम बात यह भी है कि अभिनेत्री कंगना रनौत व रेसलर द ग्रेट खली का संबंध हिमाचल से ही हैं। अभिनेत्री का ताल्लुक मंडी जिला से है तो खली का संबंध सिरमौर से है। खली की भाभी को एक मर्तबा निर्विरोध पंचायत प्रधान भी चुना गया था। खली ने बेशक ही दुनिया को नाप डाला हो, लेकिन धरातल पर घर से कभी भी नाता नहीं तोड़ा है। ऐसा अभिनेत्री कंगना के साथ भी है, वो भी मुंबई से ज्यादा हिमाचल में नजर आती है।
खली के भाजपा में शामिल होने के बाद उनके चुनाव मैदान में उतरने की भी अटकलें पैदा हुई थी। भाजपा में शामिल होने के बाद वो राजनीति में सक्रिय नजर नहीं आए। इतना तय है कि भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व के आग्रह पर वो प्रचार में उतर सकते थे।