हमीरपुर, 21 अक्तूबर : कांग्रेस पार्टी में प्रत्याशियों की जद्दोजहद के बाद हमीरपुर से आज आशीष शर्मा ने बतौर कांग्रेस प्रत्याशी अपना नामांकन पत्र भरा। इस अवसर पर आशीष शर्मा के साथ कांग्रेस जिला अध्यक्ष राजेंद्र जार सहित अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
खास बात यह है कि कांग्रेस ने हिमाचल की 5 विधानसभा सीटों पर अभी प्रत्याशियों की घोषणा नहीं की है। जिनमें से हमीरपुर विस सीट भी एक है। ऐसे में आशीष शर्मा द्वारा कांग्रेस प्रत्याशी की रूप में नामांकन भरने से इस बात पर मुहर लग गई है कि आशीष ही इस सीट से कांग्रेस के कैंडिडेट हैं। हालांकि कांग्रेस ने अभी तक आधिकारिक लिस्ट जारी नहीं की है और हिमाचल की चार सीटों पर कांग्रेस के उम्मीदवारों के नाम फाइनल होने बाकी हैं। इसमें पांवटा साहिब, मनाली, जयसिंहपुर व किन्नौर विस सीट शामिल है। इसमें सबसे हॉट और चर्चाओं में चल रही सीट अब किन्नौर ही बची है। यहां से सिटिंग विधायक जगत सिंह नेगी के टिकट कटने के आसार हैं। देखना होगा की कांग्रेस आलाकमान क्या फैसला लेती है।
नामांकन के दौरान आशीष ने समर्थकों व कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ भोटा चौक से लेकर गांधी चौक तक रैली निकाल अपना शक्ति प्रदर्शन किया। उन्होंने गांधी चौक पर जनसभा का भी आयोजन किया, जिसमें कांग्रेस पार्टी के नेताओं ने जनता को संबोधित किया। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी के द्वारा 2022 के चुनावों में जो वादे आम जनता के साथ किए गए थे, उन्हें पूरा करने में पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने संबोधन में भारतीय जनता पार्टी के शासन में कर्मचारी वर्ग के वादा खिलाफी करने के आरोप भी लगाए।
आशीष शर्मा ने कहां कि उनके परिवार की पृष्ठभूमि भारतीय जनता पार्टी की रही है, लेकिन कांग्रेस आलाकमान के द्वारा उन्हें जो सम्मानजनक ऑफर दिया गया था उसे देखकर उन्होंने अपने समर्थकों से चर्चा करने के बाद ही कांग्रेस पार्टी का दामन थामा है। अब आशीष कांग्रेस के चुनाव चिन्ह पर भी चुनाव लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व में भी उनकी जनसभाओं में उन्होंने हमेशा ही विधानसभा चुनाव लड़ने की बात की थी जिसे वह पूरा कर रहे हैं।
एक सवाल के जवाब में शर्मा ने कहा कि कांग्रेस हाईकमान ने चुनाव लड़ने के लिए कहां है आशीष शर्मा ने कहा कि जो कांग्रेस प्रत्याशी रूठे हुए हैं, उनको मनाने के लिए हर संभव प्रयास करूंगा।