शिमला, 21 अक्टूबर : हिमाचल प्रदेश में चुनावी माहौल गरमा गया है। नामांकन पत्र दाखिल करने के पांचवे दिन दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों के प्रत्याशियों ने अपनी शक्ति का प्रदर्शन करते हुए नामांकन पत्र दाखिल किए है। हिमाचल प्रदेश के अधिकतर प्रत्याशियों ने शुक्रवार को अपने-अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। भाजपा के 46 उम्मीदवारों ने नामांकन भरे, जबकि कांग्रेस के भी अधिकतर प्रत्याशियों ने आज ही नामांकन दाखिल किया।
हालांकि कांग्रेस पार्टी की अभी पांच सीटों पर नाम फाइनल नहीं हुआ है। बावजूद इसके शुक्रवार को अधिकतर उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किए। अगले तीन दिन छुट्टी के कारण शुक्रवार को ही अधिकतर प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किये। उसके बाद 25 अक्टूबर को नामांकन का अंतिम दिन होगा, लेकिन उस दिन भी अमावस्या पड़ रही है। इसलिए अधिकतर नामांकन आज ही भर लिए गए हैं। शिमला जिला की आठ विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा और कांग्रेस के प्रत्याशियों ने नामांकन भरा और अपनी अपनी जीत के साथ सरकार बनाने का दावा किया।
शिमला शहर से भाजपा से संजय सूद तो कांग्रेस की तरफ से हरीश जनारथा ने नामांकन दाखिल किया। शिमला ग्रामीण से भाजपा के रवि मेहता तो कांग्रेस से विक्रमादित्य सिंह ने नामांकन पत्र भरा। इसी तरह कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा से शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज और कांग्रेस के अनिरुद्ध सिंह ने नामांकन पत्र दाखिल किया। इसके अलावा निर्दलीय व आप ने भी प्रदेश भर में नामांकन पत्र दाखिल किया है। नामांकन भरने वाले नेताओं ने एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप लगाते हुए अपनी अपनी जीत के दावे किए।
वहीं, 25 अक्टूबर को नामांकन का अंतिम दिन है। ऐसे में दीवाली के बाद हिमाचल में प्रचार रफ़्तार पकड़ेगा। भाजपा पीएम की रैलियों के सहारे रिवाज़ बदलने की बात कर रही है। जबकि हर पांच साल बाद सत्ता परिवर्तन के चलन के चलते सत्ता का सपना देख रही। कांग्रेस पार्टी आने वाले दिनों में प्रियंका गांधी व राष्ट्रीय अध्यक्ष मलिका अर्जुन खड़गे प्रचार की कमान संभालेंगे।