मंडी, 19 अक्तूबर : हिमाचल प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी ने सीएम जयराम ठाकुर के नामांकन करने के साथ ही हिमाचल प्रदेश में जीत का और फिर से भाजपा की सरकार बनाने का शुभारंभ कर दिया है। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने बुधवार को मंडी जिला के थुनाग में पत्रकारों से अनौपचारिक वार्ता के दौरान कही। वे इस दौरान सीएम जयराम ठाकुर के नामांकन में मौजूद रहे।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने 62 विधानसभा प्रत्याशियों की लिस्ट जारी कि है और जल्द ही 6 विधानसभा में भी प्रत्याशियों के नामों के ऐलान कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिन लोगों को टिकट न मिलने की नाराजगी है उन्हें हिमाचल प्रदेश में दोबारा से भाजपा की सरकार बनने पर अहम पद और पार्टी संगठन में बड़ी जिम्मेदारियां दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि चुनावों में भाजपा प्रदेश में एकजुटता के साथ उतरेंगे और सभी को साथ लेकर आगे बढ़ने का प्रयास करेंगे। वहीं टिकट बदलने और चुनाव क्षेत्र बदलने के सवाल पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने कहा कि राजनीति में जीत को सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार के बदलाव किए जाने आवश्यक हैं।
उसी के तहत हिमाचल प्रदेश में भी जीत को सुनिश्चित करने के लिए कुछ जरूरी बदलाव किए गए हैं। इसके साथ ही सुरेश कश्यप ने बताया कि आने वाले दिनों में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी चुनावों के दौरान हिमाचल प्रदेश में आएंगे।