ऊना, 17 अक्टूबर : जनपद के चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस की टिकट के प्रबल दावेदार व कांग्रेस सेवादल यंग ब्रिगेड के प्रदेश अध्यक्ष सुदर्शन सिंह बबलू ने टिकट आवंटन में हुई अनदेखी से खिन्न होकर पार्टी की प्राथमिक सदस्यता के साथ-साथ तमाम जिम्मेदारियों से इस्तीफा दे दिया है।
चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व मंत्री कुलदीप कुमार का नाम टिकट के लिए फाइनल होते ही सुदर्शन बबलू के साथ-साथ कांग्रेस पार्टी के प्रदेश से लेकर ब्लॉक स्तर पर विभिन्न दायित्वों को निभा रहे कार्यकर्ताओं ने भी पार्टी की प्राथमिक सदस्यता छोड़ दी।
सोमवार शाम मुख्यालय के एक होटल में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए सुदर्शन बबलू ने कांग्रेस पार्टी पर एक के बाद एक कई गंभीर आरोप जड़ डाले। सुदर्शन बबलू ने कहा कि कांग्रेस पार्टी में टिकट आवंटन पहले से ही तय कर लिया गया था, लेकिन टिकट दावेदारों को मूर्ख बनाने और आँखों में धूल झोंकने के लिए सर्वेक्षणों का खेल रचा गया। उन्होंने कहा कि सर्वेक्षण में पार्टी की उम्मीदों पर खरे उतरे किसी भी टिकट आवेदक को कांग्रेस का अधिकृत प्रत्याशी नहीं बनाया गया है।
उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस पार्टी के टिकट बांटे जा रहे हैं, उससे लगभग एक बात तय हो चुकी है कि हिमाचल में कांग्रेस पार्टी की सरकार बिल्कुल भी नहीं आने वाली है। सुदर्शन बबलू ने दावा किया कि दिल्ली से ऊना लौटते वक्त करीब 2000 कार्यकर्ताओं ने दूरभाष के जरिए उन पर अगला विधानसभा चुनाव आजाद प्रत्याशी के तौर पर लड़ने का दबाव बनाया है। वह अपने कार्यकर्ताओं की भावनाओं का सम्मान करते हुए चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र से निश्चित रूप से चुनाव मैदान में उतरेंगे।