शिमला, 05 अक्टूबर : प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सांसद प्रतिभा सिंह ने कहा है कि वर्ष 2017 में तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने बिलासपुर में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) को भूमि व अधोसंरचना उपलब्ध करवा कर इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया था।
उन्होंने बुधवार को एक बयान में कहा कि स्वर्गीय वीरभद्र सिंह का एक सपना था कि प्रदेश में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान की स्थापना हो, वह आज साकार हुआ है और इसके लिए प्रदेश बधाई का पात्र है।
प्रतिभा सिंह ने कहा कि प्रदेश में हाइड्रो इंजीनियरिंग कॉलेज की सोच भी वीरभद्र सिंह की थी। उन्होंने इसके निर्माण के लिए समय-समय पर बहुत प्रयास किये। उन्होंने कहा कि आज इस कॉलेज के खुलने से भी प्रदेश में युवाओं को हाइड्रो इंजीनियरिंग करने में लाभ होगा। प्रतिभा सिंह ने कहा कि भाजपा अब जब प्रदेश में विधानसभा चुनाव होने जा रहें है ऐसे में इन योजनाओं से राजनीतिक लाभ लेने की फिराक में है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में विकास की गाथा को कांग्रेस ने शुरू किया था,जो आगे भी जारी रहेगी।
प्रतिभा सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने सम्बोधन में अपने पुराने संस्मरणों को तो याद तो किये पर प्रदेश के लोगों से किये पूर्व में अपने वादों पर कुछ नही बोले,जो प्रदेश के साथ एक बड़ा धोखा है। उन्होंने कहा कि इस बार भी प्रधानमंत्री ने प्रदेश के लिये ऐसी कोई सौगात नही दी, जिससे प्रदेश में बिगड़ती अर्थव्यवस्था पटरी पर लाने को मदद मिलती।
उन्होंने कहा कि केंद्र में कांग्रेस की मनमोहन सिंह सरकार व प्रदेश में वीरभद्र सिंह सरकार ने आईआईटी मंडी,प्रदेश में आईआईटी हमीरपुर आईआईएम नाहन सहित पांच मेडिकल कॉलेज चंबा,हमीरपुर, मंडी व नाहन कांग्रेस की देन रहें है,न कि भाजपा के। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक बार फिर प्रदेश के लोगों को मायूस किया है।