नाहन, 18 सितंबर : गिरीपार क्षेत्र को जनजातीय क्षेत्र का दर्जा न देकर भाजपा ने केवल कुछ ही जातियों को जनजातीय दर्जा दिया है। ये चुनिन्दा व्यक्तियों का विकास है। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता एवं सचिव रुपेंद्र ठाकुर ने नाहन में एक पत्रकार वार्ता में कहा कि जनता भोली भाली है, मगर बेवकूफ नहीं है। वो सब जानती है।
ठाकुर ने कहा कि चुनाव में गिरीपार क्षेत्र की जनता आंखों में धूल झोंकने वालो को करारा जवाब देंगी। उन्होंने कहा कि अधिसूचना जारी होने के बाद इस मुद्दे की असल तस्वीर सामने आएगी। ठाकुर ने कहा कि यदि भाजपा गंभीर होती तो समूचे इलाके को ट्राइबल का दर्जा दिया जाता,ये सिर्फ एक चुनावी स्टंट है।
रुपेंद्र ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में कानून व्यवस्था चरमरा गई है। ऊना में दिनदहाड़े कांग्रेस कार्यकर्ता को गोली मार दी जाती है, जिसके कई दिनों बाद भी आरोपियों को पुलिस गिरफ्तार नहीं कर पाई। सिरमौर में कुछ माह पूर्व खनन विभाग के कर्मचारियों को उत्तराखंड के खनन माफिया अगवा कर ले गए थे। इसी तरह प्रदेश में खनन, वन, शराब सहित कई माफिया सक्रिय हैं।
कांग्रेस नेता ने कहा कि हिमाचल को देश के सामने तब शर्मिंदा होना पड़ा था, जब भाजपा सरकार ने पीपी कीट व सैनिटाइजर में घोटाला किया। बेरोजगारी चरम पर पहुंच चुकी हैं। भाजपा सरकार ने हिमाचल में केवल दो ही विधानसभा क्षेत्र सराज व धर्मपुर के लोगों को ही रोजगार दिया है। ठाकुर ने हरियाणा के लोगों को भी हिमाचल ने रोजगार देने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि महंगाई ने प्रदेश में आम आदमी का जीना मुश्किल कर दिया है। कांग्रेस के समय में गैस सिलेंडर 400 रुपए का था, वह 1150 रुपए का हो गया है। पेट्रोल डीजल 60 से 95 रुपए पहुंच गया है। कांग्रेस नेता ने कहा कि देश में पहली बार भाजपा की सरकार ने आटा, दूध व दही पर जीएसटी लगा दिया है।
प्रदेश सरकार अमृत महोत्सव के बहाने करोड़ो रुपए टैंट व प्रदर्शनी पर खर्च कर रही है। देश में गोवंश की रक्षा का दावा करने वाली भाजपा व विश्व हिन्दू परिषद हिमाचल में नजर नहीं आ रही हैं। गोवंश लंपी बीमारी से ग्रसित हैं, किसानों के पशु लगातार मरते जा रहे हैं। मगर प्रदेश सरकार कोई भी प्रयास पशुओं को बचाने के लिए नहीं कर रही हैं।
रुपेंद्र ठाकुर ने कहा कि भाजपा सरकार के शासनकाल में 5 वर्षों में कर्मचारियों को जमकर प्रताड़ित किया, जिसका जवाब कर्मचारी आने वाले चुनाव में देगे। पत्रकार वार्ता में नाहन कांग्रेस मंडल अध्यक्ष ज्ञानचंद चौधरी, नरेंद्र तोमर, विनेश राणा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।