शिमला, 15 सितम्बर: हिमाचल प्रदेश में मानसून ने फिर से जोर पकड़ लिया है। शिमला सहित राज्य के अधिकांश स्थानों में वीरवार को दिन भर बारिश का दौर चला। शिमला में बारिश से मौसम ठंडा हो गया है। मौसम विभाग ने आगामी 19 सितंबर तक मौसम के खराब बने रहने की संभावना जताई है।
वहीं, 16 सितंबर को मैदानी व मध्यपर्वतीय इलाकों में कुछ स्थानों पर भारी वर्षा को येलो अलर्ट जारी किया है। इस बीच बादलों के बरसने से भूस्खलन की घटनाएं बढ़ने लगी हैं। राज्य में वीरवार को भूस्खलन से 25 सड़कें बंद रहीं। कांगड़ा जिला में 13, किन्नौर में सात, चंबा में चार और सोलन में एक सड़क बंद रही। कुल्लू में एक टांसफार्मर भी ठप पड़ गया है। मंडी में एक कच्चा घर भी ध्वस्त हुआ है। वर्षा जनित हादसों में आठ लोगों की जान गई है। इनमें सड़क दुर्घटनाओं में पांच लोग मारे गए, जबकि अन्य मौतें पहाड़ी से गिरने व अन्य कारणों से हुई है। शिमला में छह और सिरमौर व सोलन में एक-एक व्यक्ति की मृत्यु हुई है।
बीते 24 घंटों के दौरान जाटों बैराज में 68, चोैपाल में 35, अघ्घर में 31, राजगढ़ में 28, पच्छाद में 27, सोलन में 23, शिलारू में 22, सराहन में 20, सांगला व रेणुका में 19-19, खदराला में 18, नादौन में 15, रोहड़ू में 14, कंडाघाट में 13, नाहन में 12, भोरंज, रिकांगपिओ, नारकंडा व कल्पा में 11-11 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
शिमला में वीरवार को अधिकतम तापमान 20.4 डिग्री, सुंदरनगर में 30.6 डिग्री, भुंतर में 32.4 डिग्री, कल्पा में 15.4 डिग्री, धर्मशाला में 26.2 डिग्री, उना में 34, नाहन में 24.5, केलांग में 22.5, पालमपुर में 25, सोलन में 27, मनाली में 22.8, कांगड़ा में 30.2, मंडी में 30.5, बिलासपुर में 31, हमीरपुर में 29.8, चंबा में 30.3, डल्हौजी में 19.8, जुब्बड़हट्टी में 25, कुफरी में 18.2, कुकुमसेरी में 26.5, नारकंडा में 17.1, कोटखाई में 25.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।