नाहन, 15 सितंबर : युवाओं के राष्ट्रीय संगठन ‘नवभारत युवा संघ’ की स्थापना का आज एक वर्ष पूरा हो गया है। स्थापना दिवस के मौके पर संघ द्वारा देश भर में पौधरोपण किया गया। हालांकि भावन शर्मा की लॉ की पढाई शिमला में जारी है, जिस कारण वो स्वयं शहर से बाहर थे। लेकिन उनकी गैर मौजूदगी में पौधरोपण की जिम्मेदारी छोटे भाई आदित्य ने बखूबी निभाई।
शहर के निजी स्कूल में नौवीं कक्षा में पढ़ने वाले आदित्य ने पौधरोपण किया। बता दें 15 सितंबर 2021 को स्थापित नवभारत युवा संघ देश के 13 राज्यों में कार्यरत है। संघ के संस्थापक नाहन निवासी 18 वर्षीय भावन शर्मा ने अल्प समय में युवाओं के बीच एक राष्ट्रीय नेता के रूप में सफल पहचान बना ली है।
भावन शर्मा ने वर्ष 2014 में नाहन के हरिपुर मोहल्ला में हरिपुर सभा का गठन किया था, जिसको वर्ष 2018 में स्तरोन्नत कर नाहन यूथ यूनियन के रूप में समाज सेवा के लिए बनाया गया।
नाहन यूथ यूनियन ने नाहन में समाजसेवा से जुड़े कई कार्य किए, जिसको देश के अलग-अलग राज्यों के युवाओं की बहुत सराहना मिली। विभिन्न राज्यों के युवाओं की हौसला अफजाई पर भावन शर्मा ने नाहन यूथ यूनियन को स्तरोन्नत कर नवभारत युवा संघ की स्थापना 15 सितंबर 2021 को की। आज संघ का एक वर्ष का कार्यकाल सफलतापूर्वक पूरा हो गया है।
बता दें कि भावन द्वारा पिछले करीब 8 सालों से राष्ट्रीय पर्वों के मौकों पर कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिसका उद्देश्य युवाओं व बच्चों में राष्ट्र भावना जागृत करना रहा है।
भावन अपने जोशीले भाषणों के लिए भी एक अलग पहचान रखते हैं। भावन का कहना कि चाहे उनका जीवन दीर्घकालिक हो या अल्पकालिक, जैसा भी होगा संपूर्ण रूप से राष्ट्र के लिए समर्पित होगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रवाद की भावना के साथ नवभारत युवा संघ निरंतर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि स्थापना का एक वर्ष पूरा होने पर संघ ने पौधरोपण कर प्रकृति को हरा भरा रखने का संदेश तो दिया ही, साथ ही संघ को भी निरंतरता की और बढ़ाने का संकल्प लिया है।