मंडी, 09 सितंबर : आज अनंत चतुर्थी के मौके पर देशभर में भगवान गणेश की प्रतिमाओं का विसर्जन किया जा रहा है। देशभर में गणेश प्रतिमाओं को पूजा अर्चना के बाद नदियों व समुद्र में प्रवाहित किया गया। छोटी काशी मंडी में भी अनंत चतुर्थी के दिन गणपति बप्पा की शोभायात्रा निकाली गई। मंडी की सड़कों पर बप्पा की विदाई पर जनसैलाब उमड़ा।
इस मौके पर जनपद के कई देवता देवी देवता भी मंडी शहर पहुंचे। गणपति बप्पा की विदाई पर श्रद्धालुओं सहित देवी देवता भी खूब झूमे। इस मौके पर गणपति बप्पा मोरिया अगले बरस जल्दी आना के जय जयकारों से मंडी शहर गुंजायमान हो उठा। व्यास नदी के तट पर गणपति विसर्जन के समय अलग ही नजारा था। शहर के हनुमान घाट पर सैकड़ों की संख्या में बप्पा की विदाई के लिए श्रद्धालु उमड़े।
गणपति विसर्जन के लिए जिला प्रशासन की ओर से विशेष प्रबंध किए गए थे। धूमधाम से गणपति बप्पा की छोटी-बड़ी प्रतिमाओं को व्यास नदी के तट पर ले जाकर विधिवत पूजा अर्चना के बाद विसर्जित किया गया। श्रद्धालुओं ने बताया कि इस बार कोरोना से राहत के कारण दो साल बाद धूमधाम से यह पर्व मनाया जा रहा है। श्रद्धालुओं ने इस मौके पर गणपति बप्पा मोरिया से लोक कल्याण के मंगल की भी कामना की।
बता दें कि 31 अगस्त को गणेश चतुर्थी पर मूर्ति स्थापना के बाद 10 दिनों तक उनका हर्षोल्लास से पूजन किया गया। मान्यता है कि इन दस दिनों में जो भी सच्चे मन से श्री गणेश की पूजा करते हैं, बप्पा उनके सारे विघ्न हर लेते हैं।