मंडी, 08 सितंबर : हिमाचल सरकार (Himachal Government) के कद्दावर कैबिनेट मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर (Cabinet Minister Mahendra Singh Thakur) और केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर (Union Minister Anurag Thakur) के बीच एक बार फिर हल्की-फुल्की तल्खी देखने को मिली। उन्होंने अपने गृह क्षेत्र धर्मपुर के सिद्धपुर में आयोजित समारोह में मजाक-मजाक में अनुराग ठाकुर को खरी-खोटी सुनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी।
महेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा कि जब भी वे दिल्ली जाते हैं तो केंद्रीय मंत्रियों की तिजोरियों की चाबियों को ढूंढ निकालते हैं और अपने गृहक्षेत्र धर्मपुर के लिए कुछ न कुछ लेकर आते हैं। लेकिन अनुराग ठाकुर की तिजोरी की चाबी उन्हें नहीं मिल रही। उन्होंने अनुराग ठाकुर से अनुरोध किया कि दो घंटों के लिए अपनी तिजोरी की चाबी धर्मपुर की जनता के हवाले कर दें, जो धर्मपुर के लोगों को चाहिए होगा वो उससे निकाल लेंगे।
इसके बाद महेंद्र सिंह ठाकुर ने स्पष्ट कहा कि उनका चुनाव तो निपट जाएगा, लेकिन भविष्य में अनुराग ठाकुर को चुनाव का फिर से सामना करना है। महेंद्र सिंह ठाकुर ने इशारों ही इशारों में यह भी स्पष्ट किया कि उनकी चुनाव लड़ने की ज्यादा इच्छा नहीं है। उन्होंने इसका निर्णय धर्मपुर की जनता पर छोड़ रखा है।
महेंद्र सिंह ने कहा कि उन्होंने संधोल में अनुराग ठाकुर को खेल स्टेडियम (Sports Stadium) बनाने का प्रस्ताव दिया था, जिस पर अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। बता दें कि धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में आता है, जहां से अनुराग ठाकुर सांसद हैं।
इसके बाद जब अनुराग ठाकुर के संबोधन की बारी आई तो उन्होंने भी यह स्पष्ट कर दिया कि प्रदेश में जो विकास हो रहा है वो केंद्र की ही देन है। यहां पर डबल इंजन की सरकार केंद्र के सहयोग से ही चल रही है। प्रदेश को बल्क ड्रग पार्क (Bulk Drug Park) और मेडिकल डिवाइस पार्क (Medical Device Park) की सौगात मिली है। भविष्य में धर्मपुर से जो भी प्रोजेक्ट रिपोर्ट बनकर जाएगी, उसपर पूरी गंभीरता से अमल किया जाएगा। जहां भी धर्मपुर के लोगों को खेल स्टेडियम चाहिए होंगे उन्हें बनाकर दिए जाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया उनकी जीत में धर्मपुर के लोगों का हर बार अहम योगदान रहता है।