शिमला, 6 सितंबर: रूस व यूक्रेन (Russia & Ukrain) की जंग जारी है। लेकिन दोनों देशों की आवाम प्यार चाहती है। हिमाचल प्रदेश में एक शादी चर्चा में है। यूक्रेन की 28 वर्षीय महिला अलोना और 37 साल के इजरायली नोविकोव सरंगेई ने शादी के लिए हिमाचल के धर्मशाला को चुना।
विशेष विवाह अधिनियम (special marriage act) के तहत सोमवार को धर्मशाला में शादी पंजीकृत हुई। रूसी-यूक्रेनी प्रेमी जोडे़ ने शादी के बंधन में बंधकर जंग लड़ रहे अपने देशों को एक संदेश भी भेजा है कि वो युद्ध नहीं चाहते हैं, बल्कि प्रेम से रहना चाहते हैं।
गौरतलब है कि प्रेमी जोड़े ने शादी को पंजीकृत करवाने से पहले हिन्दू रीति-रिवाजों के तहत भी शादी की रस्मों को निभाया था। अलोना का कहना था कि हिन्दू संस्कृति बेहद ही खूबसूरत है। जानकारी के मुताबिक रूस में जन्मे नोविकोव सरंगेई जब इजराइल में रहते थे तो इस दौरान अलोना से मुलाकात हुई थी। 6 साल के रिलेशनशिप के बाद तय किया कि भारत जाकर हिन्दू परंपरा व संस्कृति से शादी करेंगे।
प्रेमी जोड़े ने कहा कि एक अरसा पहले रूस व यूक्रेन एक ही देश था। हमें प्यार करने की जरूरत है, युद्ध नहीं। प्रेमी जोड़े का हिन्दू रीति-रिवाज से शादी का वीडियो भी वायरल हुआ था। अब कानूनी तरीके से शादी को पंजीकृत करवाया है।