नाहन, 01 सितंबर: शहर की नगर परिषद में सीएलसी के तैनात महिला सफाई कर्मचारियों में गहरा रोष पैदा हुआ है। दरअसल, 30-40 महिला कर्मियों की तैनाती कालाअंब मार्ग पर गौशाला के सामने स्थित डंपिग साइट पर कर दी गई है। इन महिला कर्मचारियों को गंदगी ढोने वाली गाड़ियों में भरकर डंपिंग साइट पर छोड़ दिया जाता है।
इस साइट पर मरे हुए पशुओं को भी डंप किया जाता है। महिला कर्मियों का कहना है कि वो इस बात से हैरान हैं कि एक भी पुरुष सफाई कर्मचारी की डयूटी साइट पर नहीं लगाई गई है। उनका कहना था कि ठेकेदार द्वारा सुरक्षा को लेकर भी मापदंड नहीं अपनाए जा रहे हैं। ग्लब्स भी गंदे दिए जाते हैं, जबकि वर्दी की व्यवस्था ही नहीं है।
महिला कर्मचारियों ने कहा कि संक्रमण को लेकर इस बात का डर रहता है क्योंकि उन्हें घर लौट कर बच्चों की जिम्मेदारी भी उठानी ही पड़ती है। संक्रमण के फैलने का अंदेशा रहता है।
दरअसल, ये महिला सफाई कर्मचारी वीरवार को स्थानीय विधायक व पूर्व विधानसभा अध्यक्ष डाॅ. राजीव बिंदल से मिलना चाहती थी, लेकिन वो उपलब्ध नहीं थे। आक्रोशित महिला सफाई कर्मचारी बीजेपी के जिलाध्यक्ष कार्यालय मेें पहुंची थी, लेकिन विधायक से अपने मन की बात जाहिर नहीं कर पाई।