नाहन, 20 अगस्त: हिमाचल की स्थापना के 75 वर्ष पूरा होने के जश्न के बहाने भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने विधानसभा चुनाव प्रचार सूबे के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की मौजूदगी में कर दिया है।
चौगान मैदान में आयोजित सभा में उस समय विधायक डाॅ. राजीव बिंदल के पक्ष में नारेबाजी हुई, जब भाजपा के शीर्ष नेता जेपी नड्डा ने ये कहा कि जैसे दूध में गुड व शक्कर घुल जाती है, वैसे ही डाॅ. बिंदल नाहन की जनता में घुल गए हैं। नड्डा ने कहा कि जब सोलन विधानसभा क्षेत्र आरक्षित हुआ तो उन्होंने डाॅ. बिंदल से पूछा कि क्या वो नाहन जाएंगे, क्योंकि वो नहीं चाहते थे कि एक अच्छा नेता विधानसभा से बाहर रहे।
नड्डा ने कहा कि इस पर डाॅ. राजीव बिंदल ने जवाब दिया था कि नड्डा जी आप हुक्म करें, नाहन भी अपना है। संबोधन के अंतिम क्षणों में राष्ट्रीय अध्यक्ष ने ये भी कहा कि नाहन विधानसभा क्षेत्र में 400 करोड़ के विकास कार्य चल रहे हैं, ये सब स्थानीय विधायक की बदौलत ही हैं।
USA के राष्ट्रपति जो बाइडन पहनते हैं मास्क…बोले नड्डा तो सीएम बोले चतुर हैं कांग्रेस वाले…
पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि डाॅ. राजीव बिंदल पांच बार चुनाव जीत चुके हैं, अब सिक्सर लगाने की बारी है। जैसे ही बिंदल के पक्ष में नारे लगे तो नड्डा ने इस पर अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि वो तो इशारों-इशारों में ही बताने आए हैं, होने वाले चुनाव में बटन भी दबा देना।
नड्डा ने जैसे ही गुड वाली बात कही तो मंच पर मौजूद मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, पार्टी प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप व शिलाई के पूर्व विधायक बलदेव तोमर ने मुस्कुराते हुए बिंदल से कुछ कहा। इसके मायने तो पता नहीं, लेकिन पंडाल में मौजूद लोगों ने इसे विधायक डाॅ. राजीव बिंदल के 2022 के टिकट से जोड़ा।
HRTC बस में हिचकोले खाते शिमला से नाहन आते थे BJP अध्यक्ष नड्डा, पुरानी यादें की ताजा
दरअसल, मंच पर स्थानीय विधायक डाॅ. राजीव बिंदल को पार्टी नेता जेपी नड्डा के बगल वाली कुर्सी नहीं मिली थी। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से पहले पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप को संबोधन का आमंत्रण मिला तो विधायक तपाक से गुफ्तगू करने नड्डा के बगल वाले सोफे पर बैठ गए। फिर ये सिलसिला कार्यक्रम के अंत तक चलता रहा।
पार्टी राष्ट्रीय अध्यक्ष के संबोधन से पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने भी बिंदल को लेकर टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि एलोपैथिक दवा तो बीमारी को दबाती है। डाॅ. साहब तो आयुर्वैदिक डाॅक्टर हैं, बीमारी को जड़ से निकाल देते हैं। सीएम ने ये भी कहा कि हरेक विधानसभा क्षेत्र को जायज हक मिल रहा है, लेकिन नाहन के विधायक तो बस ही नहीं करते।