शिमला, 18 अगस्त : कोटखाई तहसील के कलबोग में एक बार फिर भीषण आगजनी की घटना सामने आई है। कलबोग स्थित सिविल सप्लाई सोसायटी के गोदाम में बीती रात भयंकर आग लग गई। आगजनी में गोदाम में रखे कई सिलेंडर ब्लास्ट हुए, जिससे पूरे क्षेत्र में हड़कम्प मच गया। आग की ऊंची लपटें दूर-दूर तक देखीं गईं। गोदाम से सटे सरकारी महकमों के दो दफ्तर भी जलकर राख हो गए।
अग्निकांड की इस घटना में बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ है। गनीमत यह रही कि किसी तरह का जानी नुकसान नहीं हुआ। आग के तांडव को देखकर लोगों के होश उड़ गए। आग पर काबू पाने में फायर ब्रिगेड को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। यह घटना रात 1 बजे के करीब पेश आई। आग लगने की वजह शार्ट सर्किट माना जा रहा है।
पुलिस व राजस्व विभाग की टीम मौके पर स्थिति का जायजा ले रही है। एसएचओ कोटखाई ने अग्निकांड में किसी के हताहत होने से इंकार किया है। उन्होंने कहा कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। कोटखाई के नायब तहसीलदार ने बताया कि नुकसान का आंकलन किया जा रहा है।
दो दिन के भीतर कलबोग में आगजनी की यह दूसरी बड़ी घटना है। 15 अगस्त की रात यहां एक सरकारी स्कूल के 15 कमरे जलकर राख हो गए थे। आगजनी के बढ़ते मामलों से लोगों में काफी आक्रोश है।