शिमला, 17 अगस्त : हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। कांगड़ा और नालागढ़ के कांग्रेस विधायक पवन काजल और लखविंदर राणा भाजपा में शामिल हो गए हैं। नई दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में केंद्रीय नेताओं, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप की मौजूदगी में पवन काजल और लखविंदर राणा ने भाजपा का दामन थामा। भाजपा नेताओं ने दोनों विधायकों का भाजपा परिवार में गर्मजोशी से स्वागत किया।
विधानसभा चुनाव से पहले हुए इस सियासी घटनाक्रम से कांगड़ा और सोलन जिलों में भाजपा और मजबूत हुई है। दरअसल कांगड़ा और नालागढ़ सीटों पर भाजपा के पास कोई मजबूत उम्मीदवार नहीं था। दोनों विधायकों का भाजपा से पुराना नाता रहा है। पवन काजल भाजपा के समर्थन से दो बार जिला परिषद निर्वाचित हुए हैं। इसी तरह लखविंदर राणा एबीबीपी के बाद भाजपा युवा मोर्चा और भाजपा में
पदाधिकारी रहे हैं। भाजपा का टिकट न मिलने की वजह से दोनों कांग्रेस के पाले में चले गए थे। भाजपा में शामिल होने के बाद पवन काजल ने कहा कि उन्होंने अपने विधानसभा क्षेत्र की जनता की भावनाओं को समझते हुए ये फैसला लिया है। काजल ने जेपी नड्डा से लेकर पीएम मोदी और जयराम ठाकुर की तारीफ की और कहा कि जेपी नड्डा हिमाचल जैसे छोटे राज्य से हैं और दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी के मुखिया हैं। उन्होंने कहा कि जनता चाहती है कि हिमाचल में भाजपा की सरकार बने।
वहीं नालागढ़ से विधायक लखविंद्र सिंह राणा ने कहा कि कांग्रेस एक परिवार की पार्टी है, वहां सिर्फ एक परिवार की ही चलती है। जबकि दूसरी और भाजपा के लिए पार्टी ही परिवार है। इसलिए हम बीजेपी में शामिल हो रहे हैं।वहीं मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि पवन काजल और लखविंद्र राणा के शामिल होने से हिमाचल प्रदेश में बीजेपी को ताकत मिलेगी। कांग्रेस नेता भाजपा में शामिल हो रहे हैं, जिससे प्रदेश में पार्टी मजबूत हो रही है। कांग्रेस नेताओं का भाजपा में आना बता रहा है कि कांग्रेस देशभर से खत्म हो चुकी है और अब हिमाचल में भी उसका कोई भविष्य नहीं है।