मंडी,12 अगस्त : आजादी के अमृत महोत्सव पर शुक्रवार को छोटी काशी के नाम से विख्यात मंडी शहर में स्कूली बच्चों द्वारा भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यह तिरंगा यात्रा ऐतिहासिक पड्डल मैदान से शुरू हुई और सेरी मंच पर आकर इसका समापन हुआ।
शहर भर में बच्चों ने भारत माता की जय के नारों से पूरे शहर को गुंजायमान कर दिया। तिरंगा यात्रा को ट्राइअम्फ़ फुटबाल क्लब और स्माईल फाउंडेशन के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित किया गया था। इसमें स्कूली बच्चों के अलावा प्रशासनिक अधिकारियों और सेना से रिटायर कर्मियों व अन्य संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
एसडीएम सदर रितिका जिंदल ने इस मौके पर कहा कि देशव्यापी तिरंगा यात्रा का आयोजन हर गांव में किया जा रहा है। जिन्होंने देश को आजादी दिलाई और अपने प्राणों को न्यौछावर कर दिया, उन्हें श्रद्धांजलि देने के साथ ही आजादी के 75 वर्ष पूरा होने का जश्न मनाया जा रहा है।
उन्होंने सभी से आह्वान किया कि वे इस प्रकार की तिरंगा यात्राओं में अपनी भागीदारी निभाएं और आजादी वाले दिन अपने-अपने घरों पर तिरंगा लगाकर इस उत्सव को मनाएं।