ऊना, 5 अगस्त : उपमंडल गगरेट के अंबोटा गांव में एक पंद्रह वर्षीय किशोर ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। शुक्रवार सुबह जब उसके परिजन गौशाला की तरफ गए तो उसका शव फंदे से झूमलता पाया।
घटना की जानकारी मिलते ही गगरेट पुलिस ने शव का पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल भेज दिया है। आत्महत्या क्यों की इसके पुख्ता कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। घटनास्थल से पुलिस को कोई सुसाइड नोट भी नहीं मिला है, जिससे आत्महत्या के पुख्ता कारणों का पता चल सके। बहरहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर आत्महत्या के कारणों की जांच आरंभ कर दी है।
अंबोटा गांव के दीन मोहम्मद का पंद्रह वर्षीय बेटा रहमान मोहम्मद अपनी पढ़ाई बीच में ही छोड़कर गांव के ही एक राशन डिपो पर काम करता था। दीन मोहम्मद के अनुसार घर पर कोई ऐसी बात नहीं हुई कि वह आत्महत्या जैसा कदम उठा लेता। उन्होंने कहा कि रहमान ने ऐसा कदम क्यों उठाया उन्हें भी इसका कोई इल्म नहीं है।
वीरवार देर सायं तक सब ठीक-ठाक था, लेकिन शुक्रवार सुबह घर के साथ बनी गौशाला में रहमान मोहम्मद का शव फंदे से झूलता देख परिजन भी हतप्रत रह गए। बेटे का शव फंदे से झूलता देख परिजनों की चीखें निकल गई। जिसके चलते पड़ोसी भी घटनास्थल की ओर भागे। घटना की जानकारी मिलते ही गगरेट पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। प्रथम दृष्टया पुलिस भी इसे आत्महत्या का ही मामला मान रही है। बहरहाल पुलिस ने मौत के कारणों को जानने के लिए शव का पोस्टमार्टम करवाया है।
उधर किशोर द्वारा उठाए गए इस कदम से हर कोई हैरान है और शोकाकुल परिजनों को ढांढस बंधा रहे हैं। एसपी अर्जित सेन ठाकुर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या का मामला लग रहा है, लेकिन मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा।