नाहन, 04 अगस्त : हिमाचल प्रदेश सिरमौर कला संगम अपने अगले 64वें राष्ट्रीय स्तरीय महा अलंकरण समारोह (28 जून 2023) में 12 विभूतियों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित करेगा। पहाड़ी मृणाल आचार्य चंद्रमणि विशिष्ट द्वारा 1958 में स्थापित संस्था “हिमाचल प्रदेश सिरमौर कला संगम” निरंतर साहित्यिक सांस्कृतिक तथा सामाजिक गतिविधियों के अतिरिक्त प्रति वर्ष अपने स्थापना तथा संस्थापक के जन्मदिन के अवसर पर राष्ट्र स्तरीय महा अलंकरण समारोह आयोजित करता है।
संस्था विभिन्न विधाओं में उल्लेखनीय कार्य कर रही विभूतियों को डॉ यशवंत सिंह परमार महाराजा राजेंद्र प्रकाश तथा आचार्य वशिष्ट के नाम पर सम्मानित करती आ रही है। हिमाचल निर्माता, प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री डॉ वाईएस परमार को उनकी 117वीं जयंती अवसर पर याद किया जा रहा है। हिमाचल प्रदेश सिरमौर कला संगम ने 12 विशिष्टजनों की सूची भी जारी कर दी है।
सिरमौर कला संगम के कार्यकारी अध्यक्ष ओमप्रकाश राही की अध्यक्षता में संगम के महासचिव दिनेश दास,वरिष्ठ उपाध्यक्ष रविंद्र गुप्ता, राजेंद्र ठाकुर, इंद्र प्रकाश गोयल अंगिदा ताश, अशोक अग्रवाल, सत्यदेव सैनी, विजयपाल ठाकुर, कल्याण सिंह, जसमेर सैनी आदि सदस्यों की उपस्थिति में निर्णय लिया गया हैं कि साहित्यिक क्षेत्र में अपनी विशेष पहचान बना चुके मण्डी जनपद के प्रसिद्ध उपन्यासकार गंगाराम राजी तथा हरियाणा के बलदेव राज भारतीय एवं साहित्य तथा कला क्षेत्र में विशेषता प्राप्त नाहन के प्रभात कुमार को सम्मानित किया जाएगा।
समाजसेवा में कुछ अलग पहचान बनाने वाले राजस्थान के डॉ. शरदचंद्र त्रिवेदी हाब्बन (सिरमौर) की शकुंतला चौहान (मूलतः पंजाब से संबंध रखने वाले), सिविल अस्पताल पांवटा साहिब में सेवारत प्रसूति विज्ञान विशेषज्ञ डॉ.सुधी गुप्ता को भी सम्मानित किये जाने का निर्णय लिया गया है।
पत्रकारिता के क्षेत्र में ‘हिम-हिमवन्ती’ की उप संपादक, पाँवटा साहिब की सरिता गर्ग तथा ‘दिव्य हिमाचल’ के ददाहू से संवाददाता अमित अग्रवाल, चित्रकला के लिए भँगाणी साहिब (सिरमौर) के विशारद सिंह, नाट्यकला के लिए मण्डी की दक्षा शर्मा, पहाड़ी कविता के लिए शिलाई के प्रताप पराशर तथा संगीत के लिए उभरते हुए बाल कलाकार सराहन (हिमाचल) के भाविक शर्मा को सम्मानित किया जाएगा।
संगम के कार्यकारी अध्यक्ष ने बताया कि 64 वे अलंकरण समारोह में यह पुरस्कार राष्ट्र स्तरीय समारोह 28 जून 2023 में दिए जाएगें। उन्होंने चयन किए गए सभी लोगो को हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं दी है।