शिमला, 04 अगस्त : हिमुडा के उपाध्यक्ष, पूर्व मंत्री व भाजपा के वरिष्ठ नेताओं में शुमार प्रवीण शर्मा का निधन हो गया। वह पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे। वीरवार सुबह ऊना के अंब स्थित अपने आवास पर उन्होंने अंतिम सांस ली। उनका अंतिम संस्कार आज दोपहर 2 बजे किया जाएगा।
65 वर्ष की आयु में प्रवीण शर्मा ने दुनिया को अलविदा कर दिया। पूर्व धूमल सरकार में वर्ष 1998 से 2003 तक वह खेल और आबकारी एवं कराधान मंत्री रहे थे। वह ऊना जिला के अम्ब के रहने वाले थे। प्रवीण शर्मा प्रदेश भाजपा के उपाध्यक्ष भी थे। भाजपा ने उनके अकस्मात निधन पर दुख जताते हुए इसे पार्टी के लिए बहुत बड़ी क्षति बताया है।
प्रवीण शर्मा लंबे समय तक ऊना जिला में भाजपा के मजबूत ध्वजवाहक रहे हैं। उनके निधन से जिला ही नहीं, अपितु प्रदेश को एक योग्य नेता की कमी महसूस होगी। वह राजनीति के मंझे हुए खिलाड़ी रहे। आपातकाल के दौरान प्रवीण शर्मा जेल में भी रहे थे। विगत वर्ष नवम्बर माह में प्रवीण शर्मा के पिता का निधन हुआ था।