मंडी, 30 जुलाई : सीएम जयराम ठाकुर का कहना है कि अब लोग पंचकर्मा करवाने के लिए केरल या बेंगलुरु नहीं, बल्कि हिमाचल प्रदेश के जंजहैली आएंगे। यह बात उन्होंने शनिवार को जंजहैली में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए कही।
उन्होंने कहा कि जंजहैली व थुनाग में 60 करोड़ की विभिन्न परियोजनाओं के उदघाटन व शिलान्यास भी किए। इनमें 30 करोड़ की लागत से बनने वाला आयुष अस्पताल भी शामिल है। इस आयुष अस्पताल में पंचकर्मा से संबंधित सभी सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी।
जयराम ठाकुर ने कहा कि लोग पंचकर्मा करवाने के लिए केरल व बेंगलुरु का रूख करते हैं, लेकिन भविष्य में उन्हें यह सुविधाएं जंजहैली में उपलब्ध होंगी। लोग यहां पर आकर और यहां रहकर हिमाचल की शांत व हसीन वादियों में पंचकर्मा के माध्यम से स्वास्थ्य लाभ प्राप्त कर सकेंगे। इससे, जंजहैली के पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। इसके साथ ही जयराम ठाकुर ने क्लब महिंद्रा के होटल का भी विधिवत रूप से उद्घाटन किया। इस होटल का निर्माण राज्य सरकार ने किया है। लेकिन इसके संचालन का दायित्व क्लब महिंद्रा को दिया गया है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि क्लब महिंद्रा के पास इसका संचालन जाने से जंजहैली को विश्व मानचित्र पर एक नई पहचान मिलेगी। यहां देश-विदेश से पर्यटक आएंगे, इससे घाटी में रोजगार की संभावनाएं भी बढ़ेंगी। राज्य सरकार जंजहैली व इसके आसपास के क्षेत्रों को नई टूरिस्ट डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने के लिए प्रयासरत हैं। इस मौके पर जयराम ठाकुर विरोधियों पर वार करने से भी नहीं चूके।
उन्होंने कहा कि उन्होंने विरोधियों को अपने तरीके से जो जवाब देना था वो दे दिया है। अब इन्हें जवाब देने की बारी सराज विधानसभा क्षेत्र की जनता की है। जयराम ठाकुर ने कहा कि अब उनके पास प्रदेश का दायित्व है और सराज विधानसभा क्षेत्र को संभालना यहां की जनता का दायित्व है। यहां विकास के मामले में कोई कमी नहीं रखी गई है।