शिमला, 26 जुलाई : हिमाचल पुलिस बैंड ‘ हारमनी ऑफ़ द पाइन्स’ (Harmony of The Pines) की उपलब्धियों में एक शानदार तमगा जुड़ा है। हिमाचल पुलिस ‘दादा साहब फाल्के इंटरनेशनल फिल्म महोत्सव अवार्ड 2022’ (Dadasaheb Phalke International Film Festival Award 2022) समारोह में अपने हुनर का जलवा बिखेरेगी। साथ ही पुलिस बैंड (police band) को अवार्ड से भी अलंकृत किया जाएगा।
ये समारोह 20 फरवरी 2023 को मुंबई के पांच तारा होटल ताज (Hotel Taj) में आयोजित होने जा रहा है। इस बाबत पुलिस मुख्यालय से आधिकारिक जानकारी उपलब्ध हो गई है।
हिमाचल पुलिस की ये उपलब्धि असाधारण है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर (Chief Minister Jai Ram Thakur) ने भी इस उपलब्धि पर पुलिस महानिदेशक संजय कुंडू (Director General of Police Sanjay Kundu) को बधाई दी है। बता दें कि ये अवार्ड केंद्रीय टूरिज्म व प्रसारण मंत्रालय (Union Ministry of Tourism and Broadcasting) द्वारा संयुक्त तौर पर दिए जाते हैं।
गौरतलब है कि दादा साहब फाल्के (Dada Saheb Phalke) के जन्म शताब्दी वर्ष 1969 में ये अवार्ड प्रदान करने का सिलसिला शुरू हुआ था। दादा साहब फाल्के अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव की एक अलग छाप है। चूंकि इस साल आजादी के 75वें साल का जश्न भी मनाया जा रहा है, लिहाजा अवार्ड समारोह हटकर होगा।
उधर, प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि यह राज्य के लिए गौरव का विषय है कि हिमाचल प्रदेश पुलिस बैंड (Himachal Pradesh Police Band) को इस भव्य समारोह के लिए चयनित किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तरह के आयोजन पुलिस का मनोबल बढ़ाने में दूरगामी भूमिका निभाएंगे।
पुलिस महानिदेशक को दादा साहब फाल्के अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव की आयोजन समिति की और से मंगलवार को ये जानकारी दी गई है कि पुलिस बैंड का चयन समारोह के लिए हुआ है।
दीगर है कि कलर्स टीवी के शो ‘हुनरबाज’ में शानदार प्रदर्शन के बाद हिमाचल पुलिस बैंड खास हो गया है। हालांकि, दशकों पहले पुलिस बैंड बना था, लेकिन राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 2022 में चर्चा में आया। गिनीज बुक ऑफ़ वर्ल्ड रिकॉर्ड (Guinness Book of World Records) में भी पुलिस बैंड का नाम दर्ज होने की संभावना बनी हुई है।