नाहन, 26 जुलाई : सावन भगवान शिव की आराधना का महीना है। भगवान शंकर को समर्पित इस मास का हिन्दू धर्म में विशेष महत्व है। भोले शंकर का पसंदीदा मास होने के चलते भगवान अपने भक्तों पर विशेष रूप से प्रसन्न रहते हैं, और उनकी मनोकामनाएं पूर्ण करते हैं। सावन मास में सोमवार के व्रत रखने का विधान है।
इसके अलावा सावन मास की शिवरात्रि का भी बहुत महत्व है। हिन्दू पंचांग के अनुसार हर माह शिवरात्रि आती है, लेकिन दो शिवरात्रि को खास माना गया है। इनमें से एक सावन मास की शिवरात्रि है। इसी उपलक्ष में मंगलवार को शहर के शिव मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया। आज भी शिवालयों में भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और भगवान शिव का रुद्राभिषेक किया।
शिव मंदिरों में खीर का प्रसाद वितरण किया गया। कालीस्थान मंदिर के समीप स्थित बेहद मनोरम शिव मंदिर में भी खीर का प्रसाद बांटा गया। इस दौरान महिलाओं द्वारा भजन कीर्तन भी किया गया। मान्यता है कि इस दिन भगवान अपने भक्तों की हर मनोकामना पूरी कर आशीर्वाद प्रदान करते हैं।