ऊना, 22 जुलाई : आईएसबीटी ऊना में दिल्ली से आई एक हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस में दो व्यक्ति बेसुध हालत में मिले। इसके बाद दोनों को इलाज के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ले जाया गया, जहां देर शाम तक दोनों को होश नहीं आया। पुलिस को दोनों व्यक्तियों के होश में आने का इंतजार है। उसके बाद ही मामले से पर्दा उठ पाएगा।
जानकारी के अनुसार किशोरी लाल (40 ) पुत्र प्रेम चंद निवासी जाडला कोइडी व रविन्द्र कुमार (41) पुत्र वासुदेव गांव जाडला कोइडी तह गगरेट जिला ऊना 20 जुलाई को दिल्ली से अपने घर को एचआरटीसी की बस से रवाना हुए थे। ऊना बस स्टैंड पहुंचने पर दोनों बस में बेसुध हालत में मिले। आसपास मौजूद लोगों ने दोनों के पास मिले दस्तावेजों की जांच कर उनके परिजनों को सूचित किया। साथ ही दोनों व्यक्तियों को इलाज के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना ले जाया गया। माना जा रहा है की दोनों लोगों को रास्ते में किसी ने जहरीला पदार्थ खिलाया है।
हालांकि इस बारे में अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है। पुलिस अधीक्षक अर्जित सेन ठाकुर ने बताया की आईएसबीटी में एक हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस से दो लोग बेसुध हालत में मिले है। कहा की उनके होश में आने पर ही पता चल पाएगा कि किन परिस्थितियों में उनकी ऐसी हालत हुई है।