किन्नौर, 17 जुलाई : जिला के निगुलसरी में एक बार फिर लैंडस्लाइड (Landslide ) होने के संकेत मिले है। आईआईटी मंडी (IIT) द्वारा विकसित अर्ली वार्निंग सिस्टम (पूर्व चेतावनी प्रणाली) में यह संकेत मिले हैं। 2021 में जिस जगह भूस्खलन हुआ था वहीं पर एक बार फिर भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। संकेत मिलने के बाद प्रशासन द्वारा अलर्ट जारी कर दिया है।
प्रशासन द्वारा फैसला लिया गया है कि निगुलसरी स्लाइडिंग पॉइंट (Nigulsari Landslide Point) में वाहनों के गुजरने की टाइमिंग सुबह 6:00 बजे से शाम 8:00 बजे तक रहेगी। प्रशासन द्वारा पुलिस टीम व क्यूआरटी (QRT) को भी मौके पर तैनात कर दिया गया है। फिलहाल ट्रैफिक व्यवस्था सुचारू रूप से चल रही है।
बता दें कि 11 अगस्त 2021 में इसी जगह पर एक भयंकर भूस्खलन हुआ था। यहां हिमाचल परिवहन निगम (HRTC) की एक बस सहित, एक टिप्पर, दो गाड़ियां चपेट में आ गई थी। इसमें कुल 28 लोगों की जान गई थी।
भविष्य में कोई ऐसा हादसा फिर न पेश आए इसके लिए प्रशासन द्वारा स्लाइडिंग पॉइंट पर अर्ली वार्निंग सिस्टम स्थापित कर दिया गया था। जिसमें लैंडस्लाइड से पहले संकेत मिल जाता है। इसी सिस्टम के तहत मिले संकेत के बाद प्रशासन द्वारा अलर्ट जारी किया गया हैं।