सराहां/तरुण खुराना: सिरमौर में बढ़ते कोरोना के मामलों को लेकर प्रशासन सतर्क हो गया है। शुक्रवार को पच्छाद उपमंडल मुख्यालय सराहां में पत्रकारों को संबोधित करते हुए एसडीएम पच्छाद डॉक्टर संजीव धीमान ने कहा कि धार्मिक यात्राओं से आने वाली लोगों को कोविड-19 टैस्ट करवाना होगा। क्योंकि पच्छाद उपमंडल में भी कोरोना के मामले बढ़ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि श्रद्धालु दूसरे राज्यों से धार्मिक यात्रा से वापस लौट रहे हैं। उन्हें कोविड टैस्टअनिवार्य रूप से करवाना चाहिए, क्योंकि धार्मिक स्थानों पर भारी भीड़ होती है।
एसडीएम ने बताया कि पच्छाद उपमंडल में जो भी लोग पॉजिटिव पाए जाएंगे, उनका एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाया जाएगा। इस ग्रुप में डॉक्टरों के अतिरिक्त वो भी जुड़ेंगे तथा समय-समय पर कोरोना संक्रमित पाए गए लोगों को जानकारी दी जाएगी। एक स्थान पर 3 या उससे अधिक लोग कोरोना संक्रमित पाए जाने पर एरिया को कोरोना क्लस्टर घोषित किया जाएगा। एक सप्ताह के लिए क्षेत्र को प्रतिबंधित भी किया जाएगा।
एसडीएम ने बताया कि पच्छाद उपमंडल में कोरोना वैक्सीन फर्स्ट डोज लगाने का टारगेट 37059 लोगों को था। स्वास्थ्य विभाग ने 107 प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया है। स्वास्थ्य विभाग की मेडिकल ऑफिसर डॉक्टर दीपिका ने बताया कि सब सेंटर से लेकर पीएससी व स्कूलों के विद्यार्थियों को स्कूल में जाकर ही विभाग के कर्मचारी वैक्सीन लगाएंगे।
उन्होंने बताया कि जिन लोगों को दोनों वैक्सीन लगे हुए 6 माह का समय पूरा हो चुका है। वह तीसरी डोज लगा सकते हैं। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग केंद्र नरवीर शर्मा, खंड विकास अधिकारी, तहसीलदार तथा नायब तहसीलदार भी उपस्थित रहे।